देवघर (शहर परिक्रमा)

19 राज्य और 6 केंद्र शासित प्रदेश साइकिल से लाँघकर देवघर पहुंचे पप्पू राम चौधरी

देवघर: शक्ति संकल्प सफर” और “मिशन एवरेस्ट 2026” के संकल्प को लेकर देशभर में प्रेरणा का स्रोत बन चुके पप्पू राम चौधरी उर्फ ‘हिंदुस्तानी मुसाफ़िर’ झारखंड के देवघर पहुँचे थे और आज 10.09.25 को सुबह अपनी आगे की यात्रा पर निकल पड़े।

    ज्ञात हो कि 60,000 किमी साइकिल यात्रा, 1 लाख पौधारोपण का संकल्प, और एवरेस्ट पर भारतीय ध्वज फहराने का लक्ष्य लेकर निकले पप्पू राम चौधरी अभी तक लगभग 37000 किमी साइकिल से सफर करते, 19 राज्य और 6 केंद्र शासित प्रदेश लाँघते हुए देवघर पहुंचे। इस दौरान इन्होंने 17 से ज्यादा हिमालयी दर्रे, लाचुंग ला, उमलिंग ला, खारदुंग ला जैसे विश्व के सबसे ऊँचे पास साइकिल से पार किए तो +50°C रेगिस्तान से लेकर -25°C हिमालय, जंगलों में तेंदुए, नक्सल इलाकों का भी सामना किया।


    सफर के दौरान देवघर में एक दिन रूककर गोड्डा के लिए आज सुबह निकल पड़े। उनका यह सफर न सिर्फ एक साहसिक लक्ष्य की ओर है, बल्कि समाज, प्रकृति और युवा पीढ़ी के लिए एक जन-जागरण अभियान बन चुका है।
     इस अभियान के माध्यम से पप्पू जी देश को यह संदेश दे रहे हैं कि अगर संकल्प दृढ़ हो तो कुछ भी असंभव नहीं। वहीं “शक्ति संकल्प सफर” के माध्यम से वह हर व्यक्ति में आंतरिक शक्ति, संयम, सेवा और साहस जगाने का प्रयास कर रहे हैं।
     पप्पू जी बताते हैं कि मेरे इस मिशन का मूल मन्त्र
“प्रकृति है, तो प्रगति है”। वहीं मेरा उद्देश्य सिर्फ एवरेस्ट फतह करना नहीं, बल्कि देशभर में हरित क्रांति, साहस, और सामाजिक चेतना फैलाना व Longest Solo Cycle Ride in a Single Country के लिए विश्व रिकॉर्ड क़ायम करना है।