डीएवी कोडरमा में हिंदी दिवस पर सांस्कृतिक छटा बिखरी
कोडरमा: डीएवी पब्लिक स्कूल में शनिवार को प्रातःकालीन सभा के दौरान हिंदी दिवस धूमधाम से मनाया गया। अवसर पर विद्यार्थियों ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कक्षा आठ की छात्रा ईशु ने हिंदी दिवस के इतिहास पर रोचक जानकारी दी। कक्षा छठी की आरोही गुप्ता और अनाराध्या ने कविता पाठ कर हिंदी की महिमा का बखान किया। अंजलि एवं समूह ने हिंदी की सरलता और मिठास पर आधारित लघु नाटिका प्रस्तुत की, वहीं अंजलि ने मनमोहक नृत्य से दर्शकों को आकर्षित किया। संचालन कक्षा आठ की आराध्या सिंह ने किया।
मौके पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता भी आयोजित हुई, जिसमें कक्षा तीन से दस तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। बनाए गए पोस्टरों का प्रदर्शन सभा में किया गया।
प्राचार्य ने संबोधित करते हुए कहा कि हिंदी दिवस हर साल 14 सितंबर को मनाया जाता है। 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने हिंदी को राजभाषा का दर्जा दिया था। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल भाषा ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और एकता की पहचान है।
अंत में उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए हिंदी विभाग की सराहना की और विद्यार्थियों से शुद्ध हिंदी बोलने, पढ़ने और लिखने का आह्वान किया।

