संदीपनी पब्लिक स्कूल में छात्रों द्वारा कला एवं विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन
देवघर: संदीपनी पब्लिक स्कूल में कक्षा III से VIII तक के छात्रों द्वारा कला एवं विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों प्रो. रामनंदन सिंह, रामसेवक सिंह ‘गुंजन’, प्रदीप सिंह देव, प्रेम कुमार, काजल कांति सिकदर, निरंजन गुप्ता एवं विद्यालय के सचिव विजय कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

उद्घाटन के उपरांत अतिथियों ने बच्चों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों और कलाकृतियों का अवलोकन किया तथा छात्रों से प्रदर्शनी से संबंधित प्रश्न पूछे। बच्चों ने आत्मविश्वास एवं गहन ज्ञान के साथ उनके सभी प्रश्नों का उत्तर दिया, जिससे उनकी तैयारी एवं समझ की गहराई स्पष्ट झलकी।

विज्ञान प्रदर्शनी में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग, सोलर सिस्टम, सोलर एनर्जी द्वारा पावर जेनरेशन, जीवाश्म ईंधन की बचत जैसे विषयों पर उत्कृष्ट मॉडल प्रस्तुत किए गए। वहीं कला प्रदर्शनी में प्रकृति चित्रण, मातृभूमि की सुंदरता, लोक संस्कृति, एवं हस्तशिल्प कलाओं का सजीव प्रदर्शन किया गया।
भाषाई प्रदर्शनी में हिंदी और अंग्रेजी दोनों विषयों के व्याकरणिक नियमों को सरल और रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिससे व्याकरण को समझना और याद रखना बच्चों के लिए सहज बन गया। इसके साथ ही मेथोडोलॉजिकल प्रस्तुति के माध्यम से ‘अशोक वाटिका’ का दृश्य, रवींद्रनाथ टैगोर की जीवनी, इतिहास में बिरसा मुंडा का योगदान, तथा कंप्यूटर में एआई (Artificial Intelligence) का चित्रण अत्यंत प्रभावशाली रहा।

प्रदर्शनी का विशेष आकर्षण बच्चों द्वारा तैयार फूड स्टॉल रहा, जहाँ चना चाट, पानी पुरी, पनीर पकोड़ा, पेस्ट्री आदि व्यंजनों की बिक्री ने सभी का मन मोह लिया। अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक इनका आनंद लिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्या कंचन मूर्ति साह ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों, सहायकों एवं विद्यार्थियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया और दीपावली एवं छठ पर्व की शुभकामनाओं के साथ विद्यालय में अवकाश की घोषणा की।

