देवघर (शहर परिक्रमा)

राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में डीएवी प्रथम, तक्षशिला द्वितीय तथा मैत्रेय स्कूल तृतीय स्थान पर

देवघर: भारत विकास परिषद, देवघर शाखा, उत्तर झारखंड प्रांत के तत्वावधान में आज दिनांक 18 अक्टूबर 2025 को शाखा स्तरीय राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन के. एन. झा मेमोरियल सभागार, तक्षशिला विद्यापीठ, देवघर में अत्यंत हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक जागरूकता तथा देशभक्ति की भावना को सशक्त करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में श्री दिनेश साह, चीफ इलेक्ट्रिक इंजिनियर, चित्तरंजन रेल कारखाना तथा श्री अशोकानंद झा, व्यवस्थापक, हिन्दी विद्यापीठ उपस्थित थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में शांतिनिकेतन (पश्चिम बंगाल) के हिंदी विभाग के प्राध्यापक डॉ. सुभाष चन्द्र राय पधारे। मुख्य अतिथियों, निर्णायकों और शाखा अध्यक्ष आलोक मल्लिक, सचिव कंचन शेखर, कोषाध्यक्ष बिलास ने दीप प्रज्वलन कर तथा भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथियों ने अपने प्रेरक संबोधन में विद्यार्थियों को देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्र सेवा के मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

प्रतियोगिता में कुल 10 विद्यालयों के समूहों ने भाग लिया, जिनमें थे –

  1. गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, भंडारकोला
  2. देवसंघ नेशनल स्कूल
  3. एसकेपी विद्या विहार
  4. माउंट लिटेरा जी स्कूल
  5. तक्षशिला विद्यापीठ
  6. सीएम एसओई मातृमंदिर स्कूल
  7. मैत्रेय स्कूल
  8. महेंद्र मुनि सरस्वती विद्या मंदिर, मधुपुर
  9. जसीडीह पब्लिक स्कूल
  10. उमा नलिनी ब्रह्म सरस्वती शिशु मंदिर, देवघर

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में श्री शितांशु शेखर (संगीत विशेषज्ञ), डॉ. नरेंद्र नाथ ठाकुर (भाषा विशेषज्ञ) तथा श्री पावन राय (कला विशेषज्ञ) शामिल थे। निर्णायकों ने सभी विद्यालयों के विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ बच्चों में भारतीय संस्कृति, संगीत और एकता की भावना को गहराई से रोपित करती हैं।

कड़े प्रतिस्पर्धा के बीच निर्णायकों के निर्णयानुसार—
प्रथम स्थान : गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, भंडारकोला, देवघर
द्वितीय स्थान : तक्षशिला विद्यापीठ, देवघर और
तृतीय स्थान : मैत्रेय स्कूल, देवघर ने प्राप्त किया।
सभी प्रतिभागी विद्यालयों के छात्रों को प्रमाण पत्र तथा प्रथम तीन स्थान प्राप्त विद्यालयों को विजेता ट्रॉफी मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा प्रदान की गई।
कार्यक्रम का संचालन भारत विकास परिषद, देवघर शाखा के पदाधिकारियों द्वारा किया गया।
अतिथियों का स्वागत शाखा के अध्यक्ष आलोक मल्लिक, सचिव श्रीमती कंचन शेखर, कोषाध्यक्ष एस. पी. भुईयां बिलास, कार्यक्रम संयोजक रामसेवक सिंह गुंजन, सेवा संयोजक रंजीत बरनवाल ने किया। कार्यक्रम संयोजक रामसेवक सिंह गुंजन ने बखूबी प्रतियोगिता एवं मंच संचालन किया।
शाखा अध्यक्ष आलोक मल्लिक ने स्वागत भाषण में कहा कि भारत विकास परिषद निरंतर ऐसे आयोजनों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की भावना को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाने का कार्य कर रही है।
अंत में सभी अतिथियों ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए और बच्चों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रगीत और समूहगान भारतीय संस्कृति की आत्मा हैं, जो हमें एक सूत्र में बांधते हैं।
भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रतियोगिता का अगला चरण प्रांतीय स्तर पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें शाखा स्तर के विजेता विद्यालय डीएवी पब्लिक स्कूल, भंडारकोला देवघर शाखा का प्रतिनिधित्व करेंगे। उत्तर झारखंड प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता 9 नवंबर को देवघर में ही रामकृष्ण विवेकानंद विद्या मंदिर, जसीडीह में आयोजित होगा।
कार्यक्रम का प्रारंभ “वंदे मातरम्” तथा समापन “जन गण मन” के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
इस अवसर पर मुख्य रूप से रूपाश्री, निदेशक, मदर टच स्कूल, तक्षशिला के प्रिंसिपल के. डी. विश्वास, बिपिन मिश्रा सहित परिषद के अनेक सदस्य उपस्थित थे।