डीएवी कोडरमा में बिखरी दीपावली और छठ पर्व की रंगीन छटा
कोडरमा: पी. वी. एस. एस. डीएवी पब्लिक स्कूल, झुमरीतिलैया में दीपावली एवं छठ पर्व के पावन अवसर पर विविध रंगारंग गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण दीपों, रंगोलियों और बच्चों की रचनात्मक कलाकृतियों से सजा नजर आया।

कक्षा एल.के.जी. से कक्षा दूसरी तक के बच्चों के बीच रंगोली एवं इको-फ्रेंडली दिवाली क्राफ्ट मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपने छोटे-छोटे हाथों से आकर्षक और सुंदर क्राफ्ट तैयार किए। उनकी रंगोली ने सभी का मन मोह लिया।
कक्षा तीसरी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए दिवाली क्राफ्ट एग्ज़िबिशन का आयोजन किया गया, जिसमें चारों सदनों के बच्चों ने एक से बढ़कर एक दिवाली क्राफ्ट प्रस्तुत किए। इसमें दयानंद सदन ने प्रथम स्थान, विवेकानंद सदन ने द्वितीय स्थान, तथा रामकृष्ण सदन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कक्षा नवमी से ग्यारहवीं तक के विद्यार्थियों के बीच रंगोली प्रतियोगिता और “इको-फ्रेंडली दिवाली” विषय पर स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। रंगोली प्रतियोगिता में दयानंद सदन प्रथम, विवेकानंद सदन द्वितीय तथा राजा राममोहन सदन तृतीय स्थान पर रहा।
स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता में विवेकानंद सदन की आभया श्री ने प्रथम, राजा राममोहन सदन की अनन्या गुप्ता ने द्वितीय तथा विवेकानंद सदन की जसमीत चावला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि “हमारे विद्यार्थियों में अद्भुत प्रतिभा छिपी हुई है, जो ऐसे अवसरों पर उजागर होती है। शिक्षकों के मार्गदर्शन से यह प्रतिभा निरंतर निखरती जा रही है।”
उन्होंने विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी शिक्षकों की सराहना की।

