बाबा मंदिर की व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा पूरी तरह से फेल: चंद्रशेखर खवाड़े
देवघर: पंडा धर्म रक्षिणी सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंद्रशेखर खवाड़े ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा की आज सोशल मीडिया के माध्यम से देखने को मिला है कि एक लाल मुंह वाला बंदर बाबा बैद्यनाथ मंदिर के गर्भ गृह में प्रवेश कर गया। उसने दो भंडारी और एक सफाई कर्मी को काटकर घायल कर दिया। बंदर ने गर्भ गृह में प्रवेश और निकास के क्रम में मंदिर संस्कार मंडप और फिर मानसरोवर पूर्वी तट पर कुल तीन व्यक्तियों को काटकर घायल किया है।
इससे प्रतीत होता है कि बाबा बैद्यनाथ मंदिर की व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा पूरी तरह से फेल हो गया है तथा यह भारी चूक है।

पिछले दिनों एक कुत्ते का भक्तों के कतार में प्रवेश कर मंदिर आ जाना और अब एक बंदर का लाइन से होते हुए गर्भ गृह तक पहुंच जाना सुरक्षा व्यवस्था पर एक बड़ा सवालिया निशान पैदा कर रहा है l जिस प्रकार से अभी यहां पर पुलिस कर्मियों की नियुक्ति सुरक्षा की दृष्टि से की गई है, यह पूरी तरह से फेल साबित हुई हो रही है। पुलिसकर्मी सिर्फ और सिर्फ वीआईपी और अपने रिश्तेदारों संबंधियों को दर्शन करने मात्र का काम करते हैं। यह एक गंभीर चिंता का विषय है। मंदिर की सुरक्षा तथा व्यवस्था में पुलिसकर्मियों का किसी भी प्रकार का कोई सहयोग लगभग नहीं रहता है। जिसका प्रमाण लगातार मिलता रहा है। अभी पिछले दिनों यात्रियों द्वारा आपस में लाइन के भीतर मारपीट कर एक दूसरे को गंभीर रूप से जख्मी कर देना, उनका एक दूसरे पर मुकदमा करना भी पुलिस की नाकामी को दर्शाता है। जिसे अखबारों ने बड़ी प्रमुखता से छापा भी था।
उन्होंने बाबा बैद्यनाथ धाम बासुकीनाथ धाम श्राईन बोर्ड के अध्यक्ष सह झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह किया है कि मंदिर की व्यवस्था और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। ताकि आने वाले दिनों में ऐसी घटनाओं को देखकर उग्रवादी अथवा अपराधियों के लिए यह सॉफ्ट पॉइंट टारगेट ना बन सके। साथ ही ऐसे कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का कार्य करें जिससे भविष्य में यहां प्रतिनियुक्त होने वाले सिपाही और पुलिसकर्मी अपने कर्तव्य के प्रति दायित्व का भाव समझते हुए भक्ति के साथ कार्य करें।

