देवघर (शहर परिक्रमा)

एम्स देवघर और भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के बीच समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर

देवघर: आज दिनांक 31 अक्टूबर 2025 को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), देवघर के सभागार में एक महत्वपूर्ण अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, देवघर इकाई और एम्स देवघर के बीच रक्त अधिकोष संचालन एवं रक्तदान समन्वय के क्षेत्र में सहयोग हेतु समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए।

   इस समझौते पर एम्स देवघर की ओर से निदेशक डॉ. सौरभ वार्ष्णेय, लेफ्टिनेंट कर्नल अविक दास,
उप निदेशक प्रशासन एम्स, देवघर, डॉ हरमिंदर सिंह, डीन (शैक्षणिक), मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. सत्य रंजन पात्रा, चिकित्सा अधीक्षक, एम्स देवघर तथा रक्त अधिकोष प्रभारी डॉ. इंद्रनील दास, साकेत बिहारी, प्रशासनिक पदाधिकारी, एम्स देवघर और भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, देवघर इकाई की ओर से चेयरमैन जितेश राजपाल, वाइस चेयरमैन पीयूष जायसवाल एवं सचिव निरंजन कुमार सिंह द्वारा हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर आजीवन सदस्य नीतेश बथवाल भी शामिल हुए ।
   इस समझौते के तहत एम्स देवघर का नया रक्त अधिकोष आगामी कुछ महीनों में पूर्ण रूप से संचालित होने जा रहा है, जिसके संचालन में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, देवघर इकाई सहयोगी संस्था के रूप में कार्य करेगी। रेडक्रॉस द्वारा रक्तदान समन्वयन, जनजागरूकता, स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन तथा रक्तदाताओं के साथ समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाएगी। साथ ही, रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा एम्स रक्त अधिकोष परिसर में एक “रेडक्रॉस हेल्प डेस्क” की स्थापना भी की जाएगी।