कोडरमा (शहर परिक्रमा)

डीएवी पब्लिक स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रीय एकता दिवस पर दिया एकता का संदेश

कोडरमा: डीएवी पब्लिक स्कूल झुमरी तिलैया में सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य पर ‘राष्ट्रीय एकता दिवस ‘ को बड़े उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।इस अवसर पर विद्यालय ने बच्चों के द्वारा प्रेरणादायक कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया ।

सर्वप्रथम सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकों व शिक्षिकाओं ने श्रद्धा सुमन अर्पित कर पुष्पांजलि दी।तत्पश्चात कृतिका ने प्राचार्य , सभी शिक्षक गण एवं छात्र-छात्राओं ने एक साथ राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई कि वे देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करेंगे। इस दौरान पूरा प्रांगण ‘जय हिंद’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से गूंज उठा। आराध्या सिन्हा ने हिंदी में और आराध्या सिंह ने अंग्रेजी में सरदार पटेल के जीवन, उनके योगदान और राष्ट्रीय एकता के महत्त्व पर अपने विचार व्यक्त किए। लक्ष्मी के प्रश्नोत्तरी के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण से संबंधित अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया, जिससे उनमें जागरूकता और समझ बढ़ी।श्लोक लेखन का मुख्य उद्देश्य छात्रों को भारतीय संस्कृति और मूल्यों से जोड़ना था। छात्रों ने एकता, देशभक्ति और नैतिक मूल्यों से संबंधित श्लोगन को सुंदर अक्षरों में लिखकर एवं चित्र बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विद्यार्थियों ने एक साथ मिलकर ‘यूनिटी चेन’ का निर्माण किया। यह गतिविधि देश की विविधता में एकता और आपसी भाईचारे के सशक्त संदेश को दर्शाती है।
‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन भी किया गया, जिसमें शिक्षकों और छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौड़ का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करना था। कार्यक्रम में मंच संचालन समृद्धि वर्मा ने किया ।

मौके पर विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमारे छात्रों को सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरित करते हैं और उन्हें एक जिम्मेदार, जागरूक और एकजुट नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं। राष्ट्रीय एकता हमारे देश की सबसे बड़ी शक्ति है, और हमें इसे हर कीमत पर बनाए रखना है । प्राचार्य ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान और देश की एकता तथा अखंडता को बनाए रखने के महत्त्व पर भी प्रकाश डाला ।
विद्यालय के शिक्षक सुजीत कुमार राणा , चाँदनी दुबे, पवन कुमार और अभिषेक पांडे के कुशल मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।