सखुआ जंगल कांड का हुआ खुलासा, सभी अपराधी गिरफ्तार
देवघर: दिनांक 1 नवंबर 2025 को देवघर जिले में सनसनीखेज आपराधिक घटना हुई थी, जब करनीबाद थाना क्षेत्र के सखुआ जंगल मोहल्ला में फायरिंग से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कारू राउत के रूप में हुई, जिन्हें इलाज के दौरान सदर अस्पताल देवघर में मृत घोषित किया गया था।
एक प्रेस वार्ता के दौरान SDPO, देवघर अशोक कुमार ने बताया कि देवघर पुलिस ने महज 24 घंटे में मामले का खुलासा कर घटना में शामिल चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।

ज्ञात हो कि सखुआ जंगल में कुछ दोस्त जन्मदिन की पार्टी मनाने गए थे। इस दौरान दो गुटों के आपसी विवाद में कारू राउत समझाने गए थे। इस दौरान उन्हें अपराधियों द्वारा चलाई गोली लग गई, जिसमे उनकी मौत हो गई थी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
देवघर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बनी विशेष टीम ने थाना प्रभारी के नेतृत्व में सखुआ जंगल इलाके में छापेमारी की और चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में प्रशांत कुमार झा (28), दिव्यांश झा (19), शिवम मिश्रा (19) और चंदन कुमार शर्मा (40) शामिल हैं। इन आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, 02 राउंड 1 एमएम बोर की गोली और इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल (नंबर JH15AK0832) बरामद हुई।
आरोपियों में नाबालिग भी शामिल
इस हत्याकांड में चारों वयस्क अभियुक्तों के अलावा चार विधि विरुद्ध बालकों के संलिप्त होने की भी पुष्टि हुई है, जिन्हें पुलिस ने घटना में नामजद करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
इलाके में दहशत और पुलिस की मुस्तैदी
दिन-दहाड़े हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में दहशत फैल गई, लेकिन पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई ने अपराधियों के हौसले पस्त कर दिए। मौके की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी है और आगे की कार्रवाई कर रही है। यह घटना देवघर जिले में कानून-व्यवस्था की सख्त निगरानी और पुलिस की फुर्ती का बड़ा उदाहरण बन गई है।

