डीएवी कास्टर टाउन में मनाई गई भगवान बिरसा मुंडा एवं महात्मा एन. डी. ग्रोवर की जयंती
देवघर: आज दिनांक 15.11.2025 को गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल कास्टर टाउन में भगवान बिरसा मुंडा एवं डीएवी के भूतपूर्व निदेशक महात्मा नारायण दास ग्रोवर की जयंती मनाई गई। प्राचार्य दिलीप कुमार सिंह, शिक्षकगण एवं बच्चों ने भगवान बिरसा मुंडा एवं महात्मा नारायण दास ग्रोवर की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित की। तत्पश्चात् वैदिक विधि- विधान से हवन यज्ञ का आयोजन किया गया।

मौके पर उपस्थित विद्यालय के प्राचार्य दिलीप कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बिरसा मुंडा के जीवन से हमें साहस, अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, सामाजिक सुधार और पर्यावरण के प्रति सम्मान जैसी कई प्रेरणाएँ मिलती हैं। बिरसा ने ब्रिटिश शासन और शोषण के खिलाफ आदिवासी समुदायों को एकजुट किया, जिसमें वे अपनी सांस्कृतिक पहचान और अधिकारों के लिए लड़े। उनके जीवन से आज भी हमें बलिदान, समर्पण और अपने समाज और पर्यावरण के प्रति नैतिक दायित्व निभाने की प्रेरणा मिलती है।

साथ ही उन्होंने महात्मा नारायणदास ग्रोवर की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे एक महान शिक्षाविद्, प्रख्यात वक्ता, सफल निदेशक एवं समाज सेवक थे। बिहार एवं झारखंड में डीएवी स्कूलों की स्थापना एवं उनके विकास में उन्होंने जो कार्य किए हैं,उन्हें कभी भी विस्मृत नहीं किया जा सकता।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएंँ उपस्थित रहे। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी अमित कुमार सिंह ने दी।

