देवघर (शहर परिक्रमा)

डीएवी भंडारकोला में सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स द्वारा एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन

देवघर: सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स द्वारा आयोजित एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का सफल आयोजन गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला में हुआ। इस ट्रेनिंग प्रोग्राम में डीएवी भंडारकोला और रेड रोज स्कूल के कुल मिलाकर लगभग 160 प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को प्रभावी कक्षा प्रबंधन की आधुनिक तकनीक, छात्र सहभागिता बढ़ाने, सकारात्मक व्यवहार निर्माण तथा शिक्षण वातावरण को अधिक व्यवस्थित और अनुकूल बनाने के लिए प्रशिक्षित करना था।
इस प्रशिक्षण में रिसोर्स पर्सन के रूप में विश्वदीप चक्रवर्ती, पूनम भौमिक, गोविंद सिंह और आकाश कुमार मौजूद थे ।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन सहोदया देवघर के अध्यक्ष राम सेवक सिंह गुंजन, सचिव बलराम कुमार झा, रेड रोज स्कूल के प्राचार्य अनिल पांडे, गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल कास्टर टाउन के प्राचार्य दिलीप कुमार सिंह और सभी रिसोर्स पर्सन ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद भगवान बिरसा मुंडा और महात्मा नारायण दास ग्रोवर जी के तस्वीर पर पुष्प अर्पण किया गया। अतिथियों के स्वागत के लिए सुमधुर स्वागत गीत की प्रस्तुति और मनमोहन झारखंडी नृत्य की प्रस्तुति की गई।

उद्घाटन सत्र में विद्यालय के प्राचार्य बलराम कुमार झा ने कहा कि एक सुव्यवस्थित कक्षा ही प्रभावी शिक्षण का आधार है और इस प्रकार के प्रशिक्षण शिक्षकों को अधिक सक्षम और संवेदनशील बनाते हैं। किसी भी शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता उसके शिक्षकों की दक्षता, संवेदनशीलता और निरंतर सीखने की इच्छा पर निर्भर करती है। सहोदया देवघर के अध्यक्ष राम सेवक सिंह गुंजन ने कहा कि यह कार्यक्रम इसी उद्देश्य से आयोजित किया गया है ताकि हमारे शिक्षक बदलते हुए शैक्षिक परिवेश के अनुरूप अपने कौशल को अद्यतन कर सकें और विद्यार्थियों के लिए अधिक प्रभावी, प्रेरणादायक और अनुशासित सीखने का वातावरण तैयार कर सकें।
पांच घंटे के इस प्रशिक्षण में रूटीन सेटिंग, व्यवहार प्रबंधन, इंस्ट्रक्शनल स्ट्रैटेजीज, क्लासरूम ऑब्ज़र्वेशन, पीबीआईएस, तथा छात्र प्रेरणा तकनीकों जैसे विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया । इंटरएक्टिव गतिविधियों, समूह चर्चा और वास्तविक कक्षा स्थिति पर आधारित उदाहरणों को शामिल किया गया। उक्त आशय की जानकारी मीडिया प्रभारी अभिषेक सूर्य ने दी।