डीएवी कास्टर टाउन में विद्यालय की पूर्व चेयरपर्सन की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन
देवघर: आज दिनांक 25.11.2025 को स्थानीय गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल कास्टर टाउन,देवघर में विद्यालय की पूर्व चेयरपर्सन स्वर्गीय गीता देवी तुलस्यान की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।विद्यालय के प्राचार्य दिलीप कुमार सिंह, शिक्षकगण तथा विद्यार्थियों के द्वारा स्वर्गीय गीता देवी तुलस्यान की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। तत्पश्चात् विद्यालय के प्रांगण में सामूहिक रूप से वैदिक विधि-विधान से हवन यज्ञ करवाया गया।

विद्यालय के प्राचार्य दिलीप कुमार सिंह ने स्वर्गीय गीता देवी तुलस्यान की संक्षिप्त जीवनी बताते हुए कहा कि वे एक महान शिक्षाविद् ,कर्मठ एवं उदार समाज सेविका थी।शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उनके कार्य कभी नहीं भुलाए जा सकते।डीएवी कास्टर टाउन,देवघर की स्थापना स्वर्गीय गीता देवी तुलस्यान की सबसे बड़ी उपलब्धि रही है।उनके सहयोग से आज देवघर में दो डीएवी स्कूल बच्चों की शिक्षा को गतिशील बनाए हुए हैं।उन्होंने बताया कि आज भी यह विद्यालय बच्चों में जिज्ञासा, रचनात्मकता,ज्ञान की प्यास,उत्कृष्टता के लिए कोशिश,चरित्र निर्माण,आत्म-विकास की भावना जगाना और साथ ही जीवन भर चलने वाली अच्छी आदतें विकसित करने के लिए प्रयासरत है।
इस कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएंँ तथा शिक्षकेत्तर कर्मचारी भी उपस्थित रहे। उक्त बातों की जानकारी मीडिया प्रभारी अमित कुमार सिंह ने दी।

