देवघर (शहर परिक्रमा)

16 चक्का ट्रक लूट के अपराधी पुलिस गिरफ्त में

देवघर: आज दिनांक 08.12.25 को एसडीपीओ अशोक कुमार द्वारा एक प्रेस वार्ता का आयोजन कर जानकारी दी गई कि दिनांक 06/07.12.2025 की मध्य रात्रि में सूचना मिली कि टाभाघाट टॉल टैक्स के आगे अज्ञात अपराधकर्मियों के द्वारा सीमेंट लोड 16 चक्का ट्रक को लूट कर चकाई की ओर जा रहा है। उक्त सूचना के आधार पर वरीय पदाधिकारी के निर्देशानुसार छापामारी दल का गठन कर लूटी गई सीमेंट लोड ट्रक को अभियुक्तों के पास से रंगे हाथ बरामद किया गया। जिसके संबंध में जसीडीह थाना काण्ड संख्या-363/2025, दिनाक 07.12.2025 धारा-309 (4) भारतीय न्याय संहिता-2023 अंकित किया गया।

   ट्रक से करीब 700 बोरियों में भरा लगभग 35 टन सीमेंट बरामद किया गया। ट्रक को लूटने के आरोप में दो युवकों उपेन्द्र कुमार (20) और अनुराग कुमार यादव (27) को गिरफ्तार किया गया है। दोनों ग्राम गंगापुर, थाना चकाई, जिला जमुई (बिहार) के निवासी बताए जा रहे हैं। इसके साथ ही 2 अन्य नाबालिग अपराधकर्मी भी गिरफ्तार किये गए हैं।

   इस संबंध में जसीडीह थाना कांड संख्या 363/2025 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 309(4) के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है तथा सीमेंट कहां ले जाया जा रहा था।
   इस कार्रवाई में पु.नि. सह थाना प्रभारी दीपक कुमार, पु.अ.नि. दिनेश कुमार यादव, पु.अ.नि. रामानुज सिंह तथा पु.अ.नि. चंदन कुमार साह समेत सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
     प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ अशोक कुमार के साथ जसीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार, पु.अ.नि. चंदन कुमार साह उपस्थित थे।