डीएवी कोडरमा में सीसीए के अंतर्गत कला और खेल प्रतिभा का उत्सव
कोडरमा: पीवीएसएस डीएवी पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया में पाठ्य-सहगामी क्रियाकलापों (CCA) के अंतर्गत विविध रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया।
जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए कंगारू रेस, लेमन-स्पून रेस, हर्डल रेस एवं फ्रॉग रेस जैसी रोचक खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। नन्हे प्रतिभागियों ने अत्यंत जोश, उत्साह एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया।

कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने चारों सदनों के अंतर्गत चार-चार समूहों में विभक्त होकर क्रिसमस ट्री निर्माण प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए आकर्षक एवं सृजनात्मक क्रिसमस ट्री दर्शकों को अत्यंत प्रभावित करने वाले रहे।
इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान रामकृष्ण सदन की नेहा कुमारी, ज्योति कुमारी, नैतिक रंजन एवं जनक कुमार ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान विवेकानंद सदन के सात्विक, आलोक, सौरभ एवं रितेश कुमार को मिला, जबकि तृतीय स्थान दयानंद सदन की आलिया, मुस्कान, अमृता एवं आकृति ने हासिल किया।
कक्षा नवमी से ग्यारहवीं के विद्यार्थियों के लिए चारों सदनों के चार-चार विद्यार्थियों के समूहों के बीच बुके मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, कल्पनाशक्ति एवं कलात्मक कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अत्यंत सुंदर एवं आकर्षक बुके तैयार किए। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान रामकृष्ण सदन की माशिया, अनन्या, परी एवं प्रतिज्ञा को प्राप्त हुआ। द्वितीय स्थान विवेकानंद सदन की तनु, वर्षा, सृष्टि कुमारी एवं साक्षी यादव ने तथा तृतीय स्थान दयानंद सदन की अनुप्रिया, अनमोल एवं करिश्मा ने प्राप्त किया।
इन प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका पी. बी. खड़ंगा, कृति कुमारी एवं लक्की पाठक ने निभाई।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं तथा उनकी सृजनात्मक सोच एवं आत्मविश्वास को सुदृढ़ करती हैं।
कार्यक्रम का संचालन सीसीए इंचार्ज मौसुमी मल्लिक एवं संदीप कुमार के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

