देवघर (शहर परिक्रमा)

पंचायत स्तरीय सॉफ्टबॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

देवघर प्रखंड के पिछड़ीबाद पंचायत अंतर्गत करेसर मैदान, मथुरापुर में आज आदर्श लक्ष्य ट्रॉफी — पिछड़ीबाद पंचायत स्तरीय सॉफ्टबॉल क्रिकेट प्रतियोगिता सह टूर्नामेंट के सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबले देवघर जिला सॉफ्टबॉल क्रिकेट संघ के तत्वावधान में संपन्न हुआ।

  कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन फीता काटकर मुख्य अतिथि एवं देवघर जिला सॉफ्टबॉल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष आदर्श लक्ष्य ने किया। आयोजन समिति की ओर से आयोजक संतोष कुमार यादव, रोहित दास, टिंकू पुझहर एवं प्रिंस कुमार ने मुख्य अतिथि को माला पहनाकर एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया।
   अपने संबोधन में आदर्श लक्ष्य ने कहा कि पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर आयोजित इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएँ ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि देवघर जिले की सभी 196 पंचायतों में सॉफ्टबॉल क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें पंचायत स्तर से चयनित खिलाड़ी प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। प्रखंड स्तर से चयनित खिलाड़ी जनवरी माह में देवघर कॉलेज मैदान में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। जिला स्तर के श्रेष्ठ खिलाड़ी राज्य स्तरीय, उसके बाद राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयनित होंगे तथा अंततः अप्रैल माह में भूटान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सॉफ्टबॉल क्रिकेट टूर्नामेंट में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल को बढ़ावा देना युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और जिले की खेल पहचान के लिए अत्यंत आवश्यक है।
    आज के इस प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने भाग लिया, जिनमें करमाटांड टीम, डोंगी टीम, तिलैया टीम, यमजोरा टीम, धबोवा टीम, बजरमरुआ टीम, कोकहराजोरी टीम एवं साहिबगंज टीम शामिल थीं। पहले सेमीफाइनल मुकाबले में धबोवा टीम ने साहिबगंज टीम को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में बजरमरुआ टीम ने कोकहराजोरी टीम को हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया।
    फाइनल मुकाबला बजरमरुआ टीम एवं धबोवा टीम के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार बल्लेबाजी, गेंदबाजी एवं फील्डिंग का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले के बाद बजरमरुआ टीम ने धबोवा टीम को 23 रनों से पराजित कर आदर्श लक्ष्य ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। विजेता बजरमरुआ टीम को मुख्य अतिथि आदर्श लक्ष्य एवं आयोजन समिति द्वारा ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, वहीं उपविजेता धबोवा टीम को भी मेडल एवं सम्मान पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।