सीए एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित होगा दो दिवसीय एआई सेमिनार
देवघर: चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के व्यावहारिक उपयोगों से अवगत कराने हेतु देवघर सीपीई स्टडी चैप्टर(सीए एसोसिएशन) के तत्वावधान में एक दो दिवसीय एआई सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है। यह सेमिनार “प्रज्ञा: एआई के साथ व्यावसायिक उत्कृष्टता की नई परिभाषा” विषय पर 20 एवं 21 दिसंबर को हंसा गार्डन, देवघर में आयोजित होगा।

इस सेमिनार में जयपुर एवं कोलकाता से आमंत्रित अनुभवी एवं विशेषज्ञ फैकल्टी द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया जाएगा। सेमिनार का मुख्य उद्देश्य प्रोफेशनल्स को एआई आधारित टूल्स, ऑटोमेशन, डेटा एनालिटिक्स तथा प्रैक्टिस में एआई के प्रभावी उपयोग से परिचित कराना है, जिससे वे बदलते तकनीकी परिदृश्य में स्वयं को अधिक सक्षम एवं प्रतिस्पर्धी बना सकें।
सेमिनार के संयोजक (कन्वीनर) सीए पंकज सुल्तानिया ने बताया कि आज के डिजिटल युग में एआई प्रोफेशनल प्रैक्टिस का अभिन्न अंग बनता जा रहा है। इस प्रकार के कार्यक्रम प्रोफेशनल्स को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
देवघर सीपीई स्टडी (सीए एसोसिएशन) द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम न केवल ज्ञानवर्धक होगा, बल्कि प्रतिभागियों को व्यावहारिक दृष्टिकोण से एआई को समझने और अपनाने का अवसर भी प्रदान करेगा।

