राष्ट्रीय पैरा-एथलीट अनम हैदर ने खेल सम्मान व रोजगार हेतु किया आग्रह
देवघर: राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के पैरा-एथलीट अनम हैदर ने राज्य सरकार द्वारा “खेल सम्मान” प्रदान किए जाने तथा टाटा स्टील/टाटा स्टील फाउंडेशन में उपयुक्त रोजगार हेतु आग्रह किया है।

इस संबंध में अनम हैदर ने झारखंड सरकार के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को उनके मधुपुर अवस्थित आवास पर जाकर एक पत्र सौंपकर अनुरोध किया है कि उनके नाम की अनुशंसा माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष “खेल सम्मान” के लिए की जाए। पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि वे कई वर्षों से पैरा-एथलेटिक्स में राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में झारखंड का नाम रोशन किया है।
अनम हैदर ने बताया कि उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक जीते हैं। इसके साथ ही वर्ष 2013 में स्पेशल ओलंपिक्स एशिया पैसिफिक गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक भी हासिल किया।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि झारखंड सरकार द्वारा उन्हें पहले भी कई सम्मानों से नवाजा जा चुका है, जिनमें भीम पुरस्कार (2016), डॉ. अंबेडकर सेवा सम्मान (2017) और झारखंड युवा पुरस्कार (2014) प्रमुख हैं।
पत्र में अनम हैदर ने बताया कि वे MBA (मार्केटिंग) के शिक्षित छात्र हैं और मार्केटिंग, संचार एवं प्रबंधन के क्षेत्र में कार्य करने के लिए पूरी तरह सक्षम हैं। उन्होंने टाटा स्टील अथवा टाटा स्टील फाउंडेशन में उपयुक्त पद पर रोजगार देने हेतु भी अनुशंसा की मांग की है।
अनम हैदर का कहना है कि यदि उन्हें यह अवसर मिलता है तो यह न केवल उनके लिए बल्कि राज्य के अन्य दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।
उन्होंने राज्य सरकार से सकारात्मक निर्णय लेने की अपील करते हुए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है।

