नेशनल मैथमेटिक्स डे पर डीएवी कोडरमा में गणित का उत्सव
महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन को श्रद्धांजलि, विद्यार्थियों में दिखा गणित के प्रति उत्साह
कोडरमा: पी. वी. एस. एस. डीएवी पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया में नेशनल मैथमेटिक्स डे के अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा विविध शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय गणित दिवस गणित के जादूगर श्रीनिवास रामानुजन की स्मृति में मनाया जाता है, जिन्होंने ऐसे सूत्र और सिद्धांत दिए जो आज भी पूरे विश्व में पढ़ाए जाते हैं। उनकी असाधारण प्रतिभा यह सिद्ध करती है कि सच्ची लगन, कठिन परिश्रम और जुनून से कोई भी व्यक्ति सीमाओं को पार कर सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रीय गणित दिवस मनाने का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि विकसित करना तथा दैनिक जीवन में उसकी महत्ता को समझाना है। गणित केवल अंकों का खेल नहीं, बल्कि तार्किक सोच, समस्या-समाधान और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का सशक्त माध्यम है। शिक्षा, तकनीक, अंतरिक्ष, अर्थव्यवस्था और रोजमर्रा के जीवन में गणित की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने गणित प्रश्नोत्तरी, पोस्टर प्रदर्शनी, गणितीय मॉडल निर्माण और मानसिक गणना के माध्यम से यह प्रदर्शित किया कि गणित हमारे जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। इन गतिविधियों ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और उत्साह का संचार किया।
कार्यक्रम के दौरान नवीं कक्षा की नायसा एवं समूह ने मधुर गीत प्रस्तुत किया। छठीं कक्षा की आरोही गुप्ता, कुमुद कुमार, आठवीं कक्षा की संजना कुमारी तथा नवीं कक्षा की अंजली गुप्ता ने हिंदी एवं अंग्रेजी में कविता-पाठ कर गणित के महत्व पर प्रकाश डाला।
विद्यालय की शिक्षिका लक्ष्मी गुप्ता एवं गणित शिक्षक उपदेश कुमार ने मैथ्स सिंबल प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को गणित के प्रति जागरूक किया।
ग्यारहवीं कक्षा की श्रेयशी ने छात्रों से गणित से संबंधित रोचक प्रश्न पूछे, जबकि तीसरी कक्षा के विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी।
नवीं कक्षा की आकांक्षा, अनन्या एवं श्वेता कुमारी ने हिंदी एवं अंग्रेजी में अपने वक्तव्य के माध्यम से महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के योगदान और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि गणित की आवश्यकता जीवन के हर क्षेत्र में होती है। उन्होंने संदेश दिया कि हमें गणित से डरना नहीं चाहिए, बल्कि उसका नियमित अभ्यास करना चाहिए।
छठीं कक्षा के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर सुंदर नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि गणित केवल एक विषय नहीं, बल्कि तार्किक एवं बौद्धिक विकास तथा नवाचार को बढ़ावा देने वाला अनिवार्य उपकरण है, जो जीवन के हर पहलू को बेहतर बनाता है।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने एवं विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने में गणित विभाग के शिक्षकों मोहम्मद अली, लक्ष्मी गुप्ता, उपदेश कुमार, कामेश्वर कुमार, वीणा कुमारी, पवन कुमार, राजन मिश्रा एवं विदिशा का योगदान रहा।

