डीएवी कास्टर टाउन में स्वामी श्रद्धानंद के बलिदान दिवस पर वैदिक हवन यज्ञ का आयोजन
देवघर: आज दिनांक 23.12.2025 को स्थानीय गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल कास्टर टाउन, देवघर में महान कर्मयोगी एवं संन्यासी स्वामी श्रद्धानंद के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।विद्यालय के प्राचार्य दिलीप कुमार सिंह, शिक्षक गण एवं बच्चों के द्वारा स्वामी श्रद्धानंद की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। तत्पश्चात् विद्यालय के शिक्षक बिजय मिश्रा,अंकित शुक्ला,सर्वेश्वर पांडेय एवं गंगाधर झा के द्वारा वैदिक विधि-विधान से हवन यज्ञ करवाया गया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य दिलीप कुमार सिंह ने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद भारत के महान राष्ट्रभक्त संन्यासियों में अग्रणी थे। जिन्होंने अपना जीवन स्वाधीनता,स्वराज्य, शिक्षा तथा वैदिक धर्म के प्रचार- प्रसार के लिए समर्पित कर दिया था।साथ ही उन्होंने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद ने सामाजिक उत्थान के साथ ही धर्म और देश के लिए अपना बलिदान दिया। उन्होंने मार्ग से भटके लोगों को पुनः स्वधर्म में लाने के लिए शुद्धि आंदोलन का सूत्रपात किया। स्वामी श्रद्धानंद ने अंग्रेजों के समक्ष सिर उठाकर देश सेवा,त्याग व दृढ़ संकल्प का परिचय दिया।उन्होंने यह प्रमाणित कर दिखाया कि मानव जन्म से नहीं बल्कि कर्मों से महान बनता है।

अपने गुरु स्वामी दयानंद सरस्वती से प्रेरणा लेकर आजादी और वैदिक धर्म के प्रचार के लिए प्रचंड रूप में सक्रिय रहे।भारतीय संस्कृति की पुनर्स्थापना के लिए 1902 में गुरुकुल प्रणाली को सर्वश्रेष्ठ बताया और गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय की स्थापना हरिद्वार में की।
इस मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएंँ उपस्थित रहे। उक्त बातों की जानकारी मीडिया प्रभारी अमित कुमार सिंह ने दी।

