देवघर (शहर परिक्रमा)

एसबीआई के अन्नदाता उत्सव में किसानों व महिलाओं को किया गया सम्मानित

देवघर: मधुपुर प्रखंड के पिपरा पंचायत में आज 23.12.25 को भारतीय स्टेट बैंक की ओर से ग्राहक जागरूकता शिविर सह अन्नदाता उत्सव का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य किसानों और महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन एसबीआई प्रशासनिक कार्यालय, देवघर के मुख्य प्रबंधक शक्ति शेखर मिश्रा, पिपरा शाखा के शाखा प्रबंधक कृष्ण मोहन दीपक, ताराजोरी शाखा के शाखा प्रबंधक सिकंदर कुमार एवं पंचायत मुखिया नशीरण बीबी द्वारा किया गया।

शिविर को संबोधित करते हुए श्री मिश्रा ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और समय पर ऋण भुगतान से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होती है। उन्होंने केसीसी, पीएमएसबीवाई, पीएमजेजेबीवाई, अटल पेंशन योजना सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा और स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी।

इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक प्रशांत कुमार झा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय जागरूकता ही आत्मनिर्भर भारत की नींव है और एसबीआई हर परिवार को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
शिविर के दौरान समय पर ऋण चुकाने वाले किसानों एवं सखी मंडल की महिलाओं को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।