कोडरमा (शहर परिक्रमा)

डीएवी कोडरमा में वार्षिक खेलकूद महोत्सव हुआ आयोजित

कोडरमा: पीवीएसएस डीएवी पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया में शैक्षणिक सत्र 2025–26 के अंतर्गत वार्षिक खेलकूद महोत्सव का भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी शारीरिक क्षमता, अनुशासन और खेल भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

इस खेलकूद महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में तुषार रॉय (जिला खेल सह पर्यटन पदाधिकारी, कोडरमा) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में संजीवन परमार की उपस्थिति रही।
   विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों को पुष्पगुच्छ प्रदान कर उनका अभिनंदन किया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, प्राचार्य, सुपरवाइजरी हेड मौसुमी मल्लिक एवं वरिष्ठ शिक्षक कुमार सतीश सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

   अपने स्वागत भाषण में प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “खेलकूद जीवन का अभिन्न अंग है। इससे शरीर स्वस्थ और मन प्रसन्न रहता है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास संभव है।” उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के चारों सदनों—दयानंद, विवेकानंद, रामकृष्ण एवं राजा राममोहन सदन—के छात्रों द्वारा आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया गया तथा मुख्य अतिथि को सलामी दी गई। सभी खिलाड़ियों ने खेल को खेल भावना, अनुशासन एवं ईमानदारी से खेलने की शपथ ली।
प्रतियोगिताओं के अंतर्गत एल.के.जी. से द्वितीय कक्षा के विद्यार्थियों के लिए रैबिट रेस, गुब्बारे के साथ कंगारू रेस एवं हर्डल रेस आयोजित की गई। कक्षा तृतीय से पंचम तक के छात्रों के लिए नींबू-चम्मच रेस, पग-बाधा दौड़ एवं ऑक्टोपस दौड़ आयोजित हुई। वहीं कक्षा षष्ठी से ग्यारहवीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए 100 मीटर, 400 मीटर, 1500 मीटर दौड़, रिले रेस, ऊँची एवं लंबी कूद जैसी विविध प्रतियोगिताएँ संपन्न हुईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समग्र उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विवेकानंद सदन ने प्रथम, दयानंद सदन ने द्वितीय तथा रामकृष्ण सदन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
    मुख्य अतिथि तुषार रॉय ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि “खेल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। ये अनुशासन, टीम भावना और जीवन मूल्यों का विकास करते हैं। विद्यालय की यह पहल प्रशंसनीय है।”
विद्यालय के प्राचार्य ने विजयी प्रतिभागियों को पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का मंच संचालन विद्यालय की शिक्षिका सोनल केसरी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ शिक्षक कुमार सतीश सिंह ने प्रस्तुत किया। शारीरिक शिक्षक उज्जल घोष, अनिल कुमार तथा विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के सहयोग से यह आयोजन अत्यंत सफल एवं स्मरणीय बना।