देवघर (शहर परिक्रमा)

टैली सॉल्यूशंस के कार्यशाला का आयोजन

देवघर: संताल परगना चेंबर ऑफ़ कॉमर्स की कार्यकारिणी समिति की पाँचवीं बैठक स्थानीय होटल के सभागार में संपन्न हुई। बैठक में क्षेत्र के व्यापारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर गहन विचार–विमर्श किया गया तथा यह निर्णय लिया गया कि चेंबर का प्रतिनिधिमंडल संबंधित पदाधिकारियों से भेंट कर व्यापारियों की समस्याओं से उन्हें अवगत कराएगा।

    बैठक के द्वितीय सत्र में संताल परगना चेंबर ऑफ़ कॉमर्स एवं गणेशा इन्फोटेक के सौजन्य से Tally Solutions Pvt. Ltd. के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण कार्यशाला (वर्कशॉप) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसे संताल परगना चेंबर ऑफ़ कॉमर्स के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा, उपाध्यक्ष जितेश राजपाल, उपाध्यक्ष पीयूष जायसवाल, संयुक्त सचिव पंकज भालेटीया, चार्टर्ड अकाउंटेंट रितेश टिवडेवाल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया।

     कार्यशाला में टैली सॉल्यूशंस की ओर से इंद्रेश उपाध्याय (सहायक क्षेत्रीय बिक्री प्रबंधक) एवं अमित तिवारी (क्लस्टर मैनेजर) विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त Elcom Digital Solution के क्षेत्रीय व्यवसाय प्रबंधक आशीष झा की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
     कार्यशाला के दौरान टैली सॉल्यूशंस के नवीनतम अपग्रेडेशन, डिजिटल अकाउंटिंग प्रणाली, जीएसटी अनुपालन, डेटा सुरक्षा तथा व्यापार में आ रही डिजिटल एवं तकनीकी समस्याओं के समाधान पर विस्तार से जानकारी दी गई। टैली सॉल्यूशंस के अधिकारियों ने बताया कि किस प्रकार नवीन फीचर्स का प्रभावी उपयोग कर व्यापार को अधिक सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया जा सकता है। उपस्थित विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान करते हुए व्यवहारिक सुझाव भी साझा किए।
     चेंबर के उपाध्यक्ष पीयूष जायसवाल ने कहा कि छोटे एवं मध्यम व्यवसाय डिजिटल माध्यमों को अपनाकर अपनी कार्यक्षमता बढ़ा सकते हैं तथा अकाउंटिंग से जुड़ी त्रुटियों से बच सकते हैं। वहीं, अध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएँ व्यापारियों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होती हैं और भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
    इस कार्यशाला में शहर के प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, जीएसटी प्रैक्टिशनर्स, टैक्स सलाहकारों एवं व्यापारियों सहित लगभग 75 गणमान्य प्रतिभागियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।