देवघर (शहर परिक्रमा)

देवघर में बनेगा अंतर्राष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम

देवघर के केके एन स्टेडियम में झारखंड को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने वाली प्रतिष्ठित सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के देवघर आगमन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक सह अध्यक्ष, देवघर जिला क्रिकेट संघ सौरभ ने कहा कि देवघर में क्रिकेट स्टेडियम उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए देवघर उपायुक्त और वे स्वयं मिलकर कार्य कर रहे हैं। जमीन चिन्हित की जा रही है। JSCA सचिव सौरभ तिवारी ने भी आश्वस्त किया है कि जमीन उपलब्ध होते ही देवघर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनाया जाएगा, ताकि देवघर का नाम क्रिकेट के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचे।

   उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि JSCA ने देवघर क्रिकेट संघ को पत्र लिखकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है, ताकि यहां घरेलू मैचों का आयोजन हो सके। जिला प्रशासन द्वारा कुमैठा और देवीपुर में दो स्थानों पर जमीन चिन्हित की गई है। उम्मीद है कि अगले महीने तक कार्य प्रारंभ हो जाएगा और JSCA एवं BCCI के सहयोग से सभी मानकों के अनुरूप स्टेडियम का निर्माण होगा।
    JSCA सचिव सौरभ तिवारी ने कहा कि जितनी जल्दी मैदान उपलब्ध होगा, एक वर्ष के भीतर उसे पूर्ण रूप से विकसित कर लिया जाएगा। देवघर जिला प्रशासन से उन्हें भरपूर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि संताल परगना में क्रिकेट की अपार संभावनाएं हैं। खिलाड़ी केवल कठिन परिश्रम करें, चयन निश्चित रूप से होगा।