देवघर (शहर परिक्रमा)

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के देवघर आगमन पर आयोजित हुआ कार्यक्रम

देवघर के केके एन स्टेडियम में झारखंड को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने वाली प्रतिष्ठित सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के देवघर आगमन के अवसर पर एक भव्य एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के सचिव सौरभ तिवारी, उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, पुलिस अधीक्षक सौरभ, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार तथा सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट में झारखंड क्रिकेट टीम के मैनेजर विजय झा उपस्थित रहे।

   पुलिस अधीक्षक सह अध्यक्ष, देवघर जिला क्रिकेट संघ सौरभ ने कहा कि देवघर की पूरी क्रिकेट प्रेमी जनता बधाई की पात्र है। आप लोगों के जोश, जुनून और मेहनत की बदौलत ही यह ट्रॉफी झारखंड राज्य को प्राप्त हुई है। यह ट्रॉफी झारखंड की आने वाली पीढ़ियों को उसी तरह प्रेरणा देगी, जैसे 1983 विश्व कप के बाद पूरे भारत को प्रेरणा मिली थी। उन्होंने कहा कि अगली बार भी यह ट्रॉफी झारखंड आए, इसके लिए अभी से प्रयास करने होंगे। जिला के दो खिलाड़ी विजय हजारे ट्रॉफी खेल रहे हैं, यह अत्यंत प्रेरणादायक है। देवघर को क्रिकेट स्टेडियम उपलब्ध कराने के लिए जो भी प्रयास होना चाहिए, वह किया जाएगा। इसके लिए देवघर उपायुक्त और वे स्वयं मिलकर कार्य कर रहे हैं। जमीन चिन्हित की जा रही है। JSCA सचिव सौरभ तिवारी ने भी आश्वस्त किया है कि जमीन उपलब्ध होते ही देवघर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनाया जाएगा, ताकि देवघर का नाम क्रिकेट के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचे।

    उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि इस सुनहरे कार्यक्रम का आयोजन स्वयं में बधाई का पात्र है। JSCA एवं सौरभ तिवारी को इस विशेष आयोजन के लिए धन्यवाद। उन्होंने कहा कि जब यह प्रस्ताव सामने आया तो अत्यंत प्रसन्नता हुई और पहली बार ऐसे आयोजन में शामिल होने का अवसर मिला। हाल ही में रांची में भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका मैच का सफल आयोजन पूरे JSCA की क्षमता को दर्शाता है, जिसमें कई अंशधारकों की भूमिका होती है। जिला क्रिकेट संघ से जुड़े सभी लोग बधाई के पात्र हैं। देवघर के दो खिलाड़ियों का झारखंड टीम में होना और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में देवघर के विजय झा का टीम मैनेजर होना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि झारखंड के पास आज बहुत बड़ा टैलेंट पूल है और देवघर से लगातार प्रतिभाएं निकल कर आ रही हैं। यह आयोजन अत्यंत अभिभूत करने वाला है और ट्रॉफी के साथ सौरभ तिवारी का देवघर में होना विशेष अनुभूति देता है।
    उन्होंने जानकारी दी कि JSCA ने देवघर क्रिकेट संघ को पत्र लिखकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है, ताकि यहां घरेलू मैचों का आयोजन हो सके। जिला प्रशासन द्वारा कुमैठा और देवीपुर में दो स्थानों पर जमीन चिन्हित की गई है। उम्मीद है कि अगले महीने तक कार्य प्रारंभ हो जाएगा और JSCA एवं BCCI के सहयोग से सभी मानकों के अनुरूप स्टेडियम का निर्माण होगा।
    JSCA सचिव सौरभ तिवारी ने कहा कि जितनी जल्दी मैदान उपलब्ध होगा, एक वर्ष के भीतर उसे पूर्ण रूप से विकसित कर लिया जाएगा। देवघर जिला प्रशासन से उन्हें भरपूर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि संताल परगना में क्रिकेट की अपार संभावनाएं हैं। खिलाड़ी केवल कठिन परिश्रम करें, चयन निश्चित रूप से होगा। उन्होंने खिलाड़ियों से आउटडोर खेलों पर अधिक ध्यान देने और अभिभावकों से बच्चों को सहयोग देने की अपील की। उन्होंने इस बेहतरीन आयोजन के लिए देवघर जिला क्रिकेट संघ को बधाई दी और कहा कि ऐसी ट्रॉफियां झारखंड आती रहनी चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की कि दुमका में शीघ्र ही क्रिकेट अकादमी का निर्माण किया जाएगा।
    कार्यक्रम के अंत में यह जानकारी दी गई कि सौरभ तिवारी आगामी डीपीएल के अगले संस्करण में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन केके ठाकुर द्वारा किया गया।
    इस कार्यक्रम में देवघर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तरफ से सचिव विजय झा, संजय मालवीय, वीरेंद्र सिंह, इफ्तिखार शेख, अनिल झा, आलोक राजहंस, ज्ञान प्रकाश सिंह, नीरज कुमार सिंह, शैलेश दुबे, रंजन कुमार, मनोज मिश्रा, अतिकुल रहमान, मिंटू सिंह, अमित सोनी, हिमांशु सिंह, अभय गुप्ता, अमरेंद्र कुमार, कृष्ण कुमार बरनवाल, नवीन शर्मा, मनोज मिश्रा, रितेश पंसारी, राकेश पांडे, रितेश कुमार आदि मौजूद थे। वही शहर के अन्य गणमान्यों में जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, रोज नन्द गिरी, संजीत सिंह, डॉ जे सी राज, प्रेम कुमार, मनोज मिश्रा इत्यादि उपस्थित थे। मंच संचालन राकेश राय ने किया।