नगर निगम द्वारा सिंगल यूज़ प्लास्टिक के विरुद्ध सख्त अभियान
देवघर: नगर निगम द्वारा सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने के उद्देश्य से विभिन्न दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में आज छापेमारी अभियान चलाया गया। इस अभियान में नगर प्रबंधक सतीश कुमार, सेनेटरी इंस्पेक्टर सुनील मेहता, दीपक कुमार, पिंटू राय तथा एसबीएम शाखा से मनोज कुमार गुप्ता उपस्थित रहे।

छापेमारी के दौरान तीन दुकानों से कुल 19 किलोग्राम सिंगल यूज़ प्लास्टिक जप्त किया गया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों से कुल 17,800 रुपये का जुर्माना वसूल कर निगम कोष में जमा कराया गया।
नगर प्रबंधक सतीश कुमार ने बताया कि यह विशेष अभियान 06.01.2026 से प्रारंभ हुआ है, जो लगातार चार दिनों तक चलाया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाना तथा नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। निगम ने सभी व्यापारियों एवं आम नागरिकों से सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करने और वैकल्पिक पर्यावरण–अनुकूल सामग्री अपनाने की अपील की है।

