देवघर में एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कार्यालय का हुआ उद्घाटन
सीएसआर के तहत दिया गया सामाजिक-शैक्षणिक संस्थाओं को सहयोग
देवघर: देवघर शहर में एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के नए कार्यालय का आज विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन एसबीआई जनरल इंश्योरेंस के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एमडी एवं सीईओ) नवीन चंद्र झा के द्वारा संपन्न हुआ। इस अवसर पर बैंकिंग एवं बीमा क्षेत्र से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारीगण एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह को लेकर परिसर में उत्साह और गरिमामय वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक, पटना मंडल के मुख्य महाप्रबंधक अनुराग जोशी, झारखंड नेटवर्क के महाप्रबंधक विवेक चंद्र जायसवाल, देवघर अंचल के उप महाप्रबंधक एस. सत्यनारायण राव तथा देवघर क्षेत्रीय प्रबंधक प्रशांत कुमार झा की विशेष उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया और नई शाखा के सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं। उद्घाटन के उपरांत एसबीआई जनरल इंश्योरेंस द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत समाज के विभिन्न वर्गों के लिए सहयोगात्मक पहल की गई। इस क्रम में झारखंड पेंशनर्स कल्याण समाज, देवघर को आवश्यक उपयोगी सामग्री प्रदान की गई, जिससे वरिष्ठ नागरिकों को लाभ मिल सके। इसके साथ ही श्री शारदा बालिका मध्य विद्यालय की छात्राओं के शैक्षणिक विकास को ध्यान में रखते हुए विद्यालय को अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई। वहीं पुस्तक मेला सह सांस्कृतिक समिति, देवघर को सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आर्थिक सहयोग स्वरूप चेक प्रदान किया गया।



इस अवसर पर अपने संबोधन में एमडी एवं सीईओ नवीन चंद्र झा ने कहा कि एसबीआई जनरल इंश्योरेंस का उद्देश्य केवल बीमा सेवाओं का विस्तार करना नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ जिम्मेदारी के साथ जुड़कर विकास में सहभागी बनना भी है। उन्होंने कहा कि देवघर में कार्यालय के शुभारंभ से स्थानीय नागरिकों को आधुनिक, सुलभ और विश्वसनीय बीमा सेवाएं उपलब्ध होंगी तथा बीमा के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ेगी। मुख्य महाप्रबंधक अनुराग जोशी ने अपने वक्तव्य में कहा कि स्टेट बैंक समूह निरंतर इस दिशा में कार्य कर रहा है कि बैंकिंग और बीमा सेवाएं आम लोगों तक सरल, पारदर्शी और भरोसेमंद तरीके से पहुंचें। उन्होंने विश्वास जताया कि इस नए कार्यालय के माध्यम से देवघर एवं आसपास के क्षेत्रों के ग्राहकों को समग्र वित्तीय समाधान एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे।
वहीं देवघर क्षेत्रीय प्रबंधक प्रशांत कुमार झा ने कहा कि इस कार्यालय की शुरुआत से स्थानीय ग्राहकों को बीमा से जुड़ी सभी सेवाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्राहकों को त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करना उनकी प्राथमिकता होगी।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने कर्मचारियों एवं नागरिकों से संवाद किया और बीमा के महत्व तथा सुरक्षा कवच के रूप में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। नई शाखा के शुभारंभ से देवघर एवं आसपास के क्षेत्रों में बीमा सेवाओं को नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

