17वीं देवघर जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता 2025–26 का आयोजन
देवघर में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से 17वीं देवघर जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता 2025–26 का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जिले के सभी 10 प्रखंडों से कुल 14 टीमों ने भाग लिया, जिनमें लड़कों की 8 तथा लड़कियों की 6 टीमें शामिल थीं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह, जोश और खेल भावना देखने को मिली।

देवघर जिला खो-खो संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ संरक्षक सह आयोजक आदर्श लक्ष्य, मुख्य संरक्षक विजय प्रताप सनातन, मुख्य प्रशिक्षक संजीव कुमार झा एवं मुख्य अतिथि डॉ. गौरी शंकर की उपस्थिति में किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी शानदार फुर्ती, बेहतरीन टीम वर्क एवं अनुशासित खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रोमांचक मुकाबलों ने पूरे माहौल को खेलमय बना दिया।
इस अवसर पर संरक्षक आदर्श लक्ष्य ने कहा कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी राज्य एवं अन्य उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा, जिससे जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकें।
उन्होंने आगे कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ती है तथा नई प्रतिभाओं को पहचान मिलती है। खेलों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने की यह पहल निश्चित रूप से सराहनीय है।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापन किया।
आज खेल के दौरान उपरोक्त के अलावा महासचिव कौशल कुमार सिंह, उपाध्यक्ष विक्की रमानी, संयुक्त सचिव घनश्याम राणा, टेक्निकल डायरेक्टर राकेश कुमार, अनिकेत कुमार, ऋतिक कुमार, अमित कुमार, रोहित कुमार मिश्रा, गुंजन कुमारी, राज कुमार मंडल, डॉ पंकज सिंह, मालिका झा, राहुल राय, गौतम राय, संतोष शर्मा, मनोरजंन सिंह उर्फ नीलेश, राजा साहनी, कुंदन शर्मा, नयन राज साहनी, इत्यादि उपस्थित थे।

