देवघर (शहर परिक्रमा)

पुस्तक मेला परिसर में बुजुर्ग संसद का अंतिम अभ्यास सत्र आयोजित हुआ

देवघर: आज पुस्तक मेला परिसर में बुजुर्ग संसद का अंतिम अभ्यास सत्र आयोजित हुआ। इस सत्र में जैसे ही नामित प्रधानमंत्री ई. राणा विजय शंकर सिंह ने रेल बजट प्रस्तुत किया वैसे ही विपक्ष के नेता गणेश उमर ने विरोध का नारा लगाना शुरू किया। उपनेता उदय प्रकाश ने भी उनका साथ दिया और कहा कि आपका बजट बुजुर्ग विरोधी है। उन्होंने  पूर्व की तरह अलग से रेल बजट प्रस्तुत करने की मांग की। जबकि प्रधानमंत्री की ओर से राम किशोर सिंह ने पक्ष में बोलते हुए कहा कि सरकार ने रेलवे में बुजुर्गों के लिए बहुत सुविधा प्रदान की है। साथ ही और भी सुविधा प्रदान करने की बात की जा रही है।

   इस पर विपक्ष के राम ईश्वर सिंह और राकेश चंद्र राय ने प्रहार करते हुए कहा कि आपने रेल को बर्बाद कर दिया। रेल का शौचालय गंदा रहता है। लोग उसमें जाना नहीं चाहते, मजबूरी में जाते हैं। दोनों पक्षों में जब विवाद बहुत बढ़ गया तब नामित लोकसभा अध्यक्ष सुंदर चरण मिश्र ने बीच बचाव की कोशिश की। लेकिन दोनों ओर से काफी शोर शराबा होने लगा। तब लोकसभा अध्यक्ष ने मार्शल का सहारा लिया और मामले को शांत कराया।     

आज के अभ्यास सत्र में पक्ष से विक्रमादित्य सिंह, बिंदेश्वरी शर्मा, सत्यजीत सिंह, अशोक कुमार मिश्रा, राजीव लोचन सिंह, राजेंद्र प्रसाद भगत आदि ने प्रधानमंत्री के बजट का बचाव किया जबकि विपक्ष की ओर से सियाराम गिरी, सुनील कुमार शाह, परमेश्वर शाह आदि का प्रहार जारी रहा। प्रधानमंत्री और विपक्ष के नेता ने तत्काल लोकसभा की कार्रवाई स्थगित करने की सलाह अध्यक्ष को दी।