देवघर (शहर परिक्रमा)

राम मंदिर उच्च विद्यालय की छात्रा को मिला प्रधानमंत्री मोदी द्वारा प्रशस्ति-पत्र

देवघर: राम मंदिर वि. प्र.ज.उच्च विद्यालय की छात्रा माही कुमारी को प्रेरणा कार्यक्रम के तहत राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सफलता हेतु भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा हस्ताक्षरित पत्र में कहा गया है कि:-

   प्रिय माही,
   शुभाशीष। आशा करता हूं कि अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में आपकी तैयारियां अच्छे से चल रही होंगी।
    आप जैसे कई विद्यार्थियों ने वडनगर में ‘प्रेरणा’ कार्यक्रम से जुड़े अपने विचारों को मुझसे साझा किया और बताया कि यह अनुभव आप सभी के लिए कितना विशेष रहा। यह देखना सुखद है कि भारत की संस्कृति, संस्कार व मूल्य आधारित शिक्षा के विभिन्न पहलुओं से जुड़ने की आपकी प्रतिबद्धता को एक नया आयाम मिला है। यहां से प्राप्त सार्थक व प्रेरक अनुभव आपके अंदर नेतृत्व के गुणों को सशक्त करने में सहायक होगा।
     किसी भी राष्ट्र के सामर्थ्य को उपयोग में लाने और उपलब्ध संसाधनों के साथ न्याय करने में उसके प्रतिभाशाली युवाओं के श्रम, सामर्थ्य और नेतृत्व की बड़ी भूमिका होती है। आज भारत का युवा नए आत्मविश्वास से भरा हुआ है जो तकनीक, विज्ञान, विनिर्माण, स्टार्टअप्स, खेल व अंतरिक्ष विज्ञान सहित हर सेक्टर में अपना परचम लहरा रहा है। अटल टिंकरिन्ग लैब्स और आधुनिक पीएम-श्री विद्यालयों के माध्यम से बचपन से ही इनोवेटिव माइंडसेट को गढ़ा जा रहा है।
     आप जैसे होनहार युवाओं की क्षमताओं को भरपूर अवसर और हौसलों को खुला आसमान देने के लिए पिछले एक दशक में भविष्योन्मुखी शिक्षा और कौशल विकास की दिशा में अनेक प्रयास किए गए हैं। युवाओं की मेधा व कौशल को निखारने के लिए आज राष्ट्रीय शिक्षा नीति विद्यार्थियों को नये विकल्प दे रही है।
    वर्ष 2047 तक एक विकसित भारत के निर्माण के लिए आप जैसे युवा देश की ऊर्जा हैं। इस कर्तव्य काल में आपको राष्ट्र को प्रगति की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने का सौभाग्य मिला है।
      मुझे विश्वास है कि जीवन में हरदम कुछ नया सीखने, समझने और उसे और बेहतर करने की चाह आपको सफलता की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएगी।

        पत्र मिलने के बाद माही के माता पिता, परिवारजन, विद्यालय के प्राचार्य सुमित सिन्हा, सरोज चौधरी, सीमा कुमारी, उमेश कुमार, श्वेता कश्यप, अर्चना कुमारी, मल्लिका शांति मिंज, बिन्देश्वरी झा, चेतन कुमार ने ख़ुशी जाहिर की है