कोडरमा (शहर परिक्रमा)

पराक्रम दिवस: नेताजी के नारों से गूँजा डीएवी कोडरमा का परिसर

कोडरमा: डीएवी पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया में महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती (पराक्रम दिवस) उत्साह एवं देशभक्ति के साथ मनाई गई। राष्ट्रप्रेम और अदम्य साहस के प्रतीक नेताजी को श्रद्धांजलि देने हेतु विद्यालय परिसर में देशभक्ति की लहर देखने को मिली।

    कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह एवं शिक्षकों द्वारा नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन करने से हुई। इसके पश्चात कक्षा आठवीं (सेक्शन अ एवं स) के छात्रों ने प्रभात फेरी के दौरान गगनभेदी नारों और देशभक्ति के जयघोष से पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया।

    मंचीय कार्यक्रम में उपांशु, अमरनाथ, अभिनव, दिव्यांश, सक्षम, अंकुर तथा शाकिब ने शानदार लघु-नाटक के माध्यम से नेताजी के संघर्ष को जीवंत कर दिया। छात्र वैभव ने नेताजी का वेश धारण कर उनके ओजस्वी व्यक्तित्व को सजीव रूप में प्रस्तुत किया। भाषण एवं कविता के माध्यम से श्रेयांश, आराध्या एवं कुमुद ने नेताजी के विचारों और योगदान पर प्रकाश डाला। अनुष्का ने क्विज़ प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान को समृद्ध किया। मंच संचालन आभ्या श्री ने कुशलतापूर्वक किया।
      प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि नेताजी का साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति हर युवा के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने छात्रों से देश के प्रति समर्पित रहने का आह्वान करते हुए कहा— “नेताजी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचारधारा थे। भारत को सशक्त बनाने के लिए युवाओं को उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।”
        कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक मनोज कुमार सिंह, मिथिलेश कुमारी, मो. अली और कामेश्वर कुमार का विशेष योगदान रहा।