देवघर (शहर परिक्रमा)

डीएवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला में साइकॉम 2.0 विज्ञान प्रदर्शनी का हुआ आयोजन

देवघर: गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला में आज साइकॉम 2.0 विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और रचनात्मकता को विकसित करना था।

  मुख्य अतिथि देवघर के एसडीएम रवि कुमार, विशिष्ट अतिथि देवघर जिला शिक्षा पदाधिकारी बिनोद कुमार, हनुमान कथा वाचक प्रदीप भैया जी महाराज, विद्यालय के प्राचार्य बलराम कुमार झा, सम्माननीय अतिथि एलएमसी के अध्यक्ष संतोष तुलस्यान, जसीडीह पब्लिक स्कूल एवं दीप नारायण मेमोरियल बीएड कॉलेज के निदेशक भारतेंदु दुबे, सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स के अध्यक्ष रामसेवक सिंह गुंजन, रेड रोज स्कूल के प्राचार्य अनिल कुमार पांडे, देवघर सेंट्रल स्कूल के प्राचार्य सुबोध कुमार झा, ब्लू बेल्स की प्राचार्या पूनम झा, गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल कास्टर टाउन के प्राचार्य दिलीप कुमार सिंह, एलएमसी के सदस्य प्रमोद बाजला, ताराचंद जैन और प्रिंसिपल मैडम श्रेया भार्गव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। तत्पश्चात बच्चों ने सुमधुर स्वागत गीत के साथ गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया।

    अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि रवि कुमार ने कहा कि आज यहाँ आकर विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना देखकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है।  आज प्रदर्शित किए गए मॉडल और प्रोजेक्ट इस बात का प्रमाण हैं कि आज के विद्यार्थी सोचते भी हैं और समाधान भी खोजते हैं। उन्होंने अपने स्कूली जीवन को याद करते हुए कहा कि आज का छोटा प्रयोग, कल की बड़ी खोज बन सकता है। आप निरंतर सीखते रहें, प्रयोग करते रहें और असफलताओं से घबराएँ नहीं। इसके बाद बच्चों ने गणेश वंदना और मिशन मंगलम पर आधारित गीत पर मनोरम नृत्य की प्रस्तुति की।
    प्रदर्शनी में विद्यार्थियों के द्वारा विभिन्न विषयों के लगभग 250 मॉडल को प्रदर्शित किया गया जैसे कृषि में आधुनिक तकनीक का प्रयोग, हाइपरबोला क्लॉक, आरएफआईडी तकनीक द्वारा दरवाजा बंद करने का तरीका, हाइड्रोपोनिक्स, एलिपटिकल कैरम, वाई फाई एवं ब्लूटूथ द्वारा कार कंट्रोल सिस्टम, पर्यावरण संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण, मानव शरीर, रोबोटिक्स एवं आधुनिक तकनीक पर आधारित आकर्षक और ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए गए । विद्यार्थियों ने अपने प्रोजेक्ट्स की कार्यप्रणाली को आत्मविश्वास के साथ समझाया, जिसे अभिभावकों एवं आगंतुकों ने खूब सराहा।
    प्रदीप भैया जी ने कहा कि आज का युग विज्ञान और तकनीक का युग है। ऐसे समय में विद्यार्थियों का वैज्ञानिक सोच विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। यह प्रदर्शनी बच्चों को प्रश्न पूछने, समस्याओं का समाधान खोजने और नवाचार की ओर अग्रसर होने की प्रेरणा देती है।
    जिला शिक्षा पदाधिकारी बिनोद कुमार ने कहा कि मेरी शुभकामना है कि आज की यह विज्ञान प्रदर्शनी विद्यार्थियों के भीतर छिपे वैज्ञानिक को और अधिक सशक्त बनाए तथा भविष्य में यही बच्चे देश के वैज्ञानिक,अभियंता और नवप्रवर्तक बनकर राष्ट्र का नाम रोशन करें।
    विद्यालय के प्राचार्य बलराम कुमार झा ने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी हमारे विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता, जिज्ञासा और प्रयोगधर्मिता का सजीव मंच है। यहाँ प्रस्तुत प्रत्येक मॉडल इस बात का प्रमाण है कि हमारे बच्चे केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे विज्ञान को जीवन से जोड़कर समझ रहे हैं।
    सभी आगंतुकों का मेमेंटो और अंग वस्त्र के साथ सम्मान किया गया और धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। उक्त आशय की जानकारी मीडिया प्रभारी अभिषेक सूर्य ने दी।