देवघर के आयुष संतोषी का अंतरराष्ट्रीय चयन
देवघर: देवघर निवासी आयुष संतोषी का चयन अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में हुआ है। ‘Goal Shot Ball Association of India’ द्वारा जारी आधिकारिक सूची में आयुष संतोषी का नाम 7वें स्थान पर शामिल किया गया है। वे जूनियर बॉयज़ वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

यह चयन ‘फर्स्ट साउथ एशियन इंटरनेशनल गोल शॉट बॉल चैंपियनशिप’ के लिए किया गया है, जो 24 अप्रैल 2026 से 28 अप्रैल 2026 तक श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता में दक्षिण एशिया के कई देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जहां भारतीय टीम भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी।
जानकारी हो कि आयुष संतोषी, देवघर के जाने-माने पत्रकार अजय संतोषी के पुत्र हैं। उनके पिता अजय संतोषी ने बेटे की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि आयुष ने कठिन परिश्रम, समर्पण और निरंतर अभ्यास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आयुष अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी देश और शहर का नाम रोशन करेंगे।
आयुष पिछले कई वर्षों से गोल शॉट बॉल खेल में सक्रिय हैं और उन्होंने विभिन्न राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है। उनकी खेल प्रतिभा और निरंतर मेहनत के कारण ही उन्हें इस प्रतिष्ठित टीम में जगह मिली है।

इस प्रतियोगिता के लिए चयनित टीम में देश के विभिन्न राज्यों जैसे आंध्र प्रदेश, झारखंड, केरल, महाराष्ट्र, ओडिशा, राजस्थान और तमिलनाडु के खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। ऐसे में आयुष का चयन न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि झारखंड और विशेष रूप से देवघर के लिए भी गर्व की बात है।


It’s a great news. I feel proud for the achievement of my student Ayush. He is the pride of Deoghar.
Dr. K. D. Biswas
Principal, Takshashila Vidyapith, Deoghar