गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला में नए प्राचार्य ने संभाला कार्यभार
देवघर: भंडारकोला स्थित गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल में आज नए प्राचार्य मोहम्मद मुस्तफा मजीद ने पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण के अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से उनका स्वागत किया गया।

इस अवसर पर आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएँ दी। उसके बाद यज्ञ हवन का भव्य आयोजन हुआ।
ज्ञात हो कि नए प्राचार्य विगत 20 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में सेवा दे रहे हैं और 14 वर्षों से विभिन्न विद्यालयों में प्राचार्य के रूप में कार्य करते आ रहे हैं। डीएवी बरकाकाना से इनका हस्तांतरण हुआ है जहाँ कि इनके कुशल मार्ग निर्देशन में विगत वर्ष बारहवीं की बोर्ड परीक्षा में विद्यार्थी जिला टॉपर रहा और राज्य स्तर पर तीसरे टॉपर के रूप में अपना परचम लहराया।
मौके पर नए प्राचार्य ने अपने उद्बोधन कहा कि संस्था की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए, संस्था की शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं गुणवत्ता, संस्कार, शैक्षणिक अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं विद्यार्थियों के समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास, सकारात्मक सोच और समर्पण के साथ संस्था को नई उपलब्धियों तक पहुँचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज के समय में डीएवी के विद्यार्थियों की जिम्मेदारी केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है। उन्हें आर्य समाज के आदर्शों यथा सत्य, सेवा, संस्कार, स्वाभिमान और समर्पण को अपने जीवन में उतारना चाहिए।
जब डीएवी का विद्यार्थी इन मूल्यों पर चलता है, तब वह केवल एक सफल छात्र नहीं, बल्कि एक आदर्श नागरिक और सच्चा मानव बनता है।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षक समुदाय ने आशा व्यक्त की कि उनके कुशल नेतृत्व में विद्यालय नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा तथा शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान को और सुदृढ़ बनाएगा।
कार्यक्रम में गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल कास्टर टाउन के प्राचार्य दिलीप कुमार सिंह, विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, कर्मचारीगण एवं अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे। उक्त आशय की जानकारी मीडिया प्रभारी अभिषेक सूर्य ने दी।

