देवघर (शहर परिक्रमा)

नरेन्द्र पंजियारा की बैद्यनाथ पेंटिंग दिल्ली में कला प्रेमियों को कर रही है आकर्षित

दिल्ली स्थित विमला आर्ट फोरम द्वारा आयोजित International Folk & Contemporary Art Exhibition में बैद्यनाथ पेंटिंग के जनक देवघर निवासी नरेन्द्र पंजियारा की पेंटिंग कला प्रेमियों को आकर्षित कर रही है।
    ज्ञात हो कि दिल्ली के प्रसिद्ध कला स्थल अर्पणा कॉर गैलरी में आयोजित इस प्रदर्शनी को “maati III – art under one roof” शीर्षक से 3 अप्रैल से आयोजित किया जा रहा है जो 9 अप्रैल 2026 तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी। इस प्रदर्शनी का समन्वयन कलाकार एवं ट्रस्टी कंचन मेहरा द्वारा किया गया तथा इसका क्यूरेशन प्रसिद्ध कला विशेषज्ञ दिलीप शर्मा ने किया।

    प्रदर्शनी में विशेष रूप से नरेन्द्र पंजियारा के बैद्यनाथ पेंटिंग सहित बिहार की लोक कला को प्रमुखता मिली। वहीं पद्मश्री सम्मानित लोक कलाकार शांति देवी की गोदना शैली की कलाकृतियों दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनीं। इसके साथ ही लोक कलाकार विनीता कुमारी की कलाकृतियों ने भी अपनी सादगी और लोक संस्कृति के प्रभाव से सभी का ध्यान आकर्षित किया है।

नरेन्द्र पंजियारा

    इसके पूर्व उद्घाटन के मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में विनोद नारायण इंदरकर उपस्थित रहे। वहीं प्रसिद्ध लेखक, कला एवं फिल्म समीक्षक तथा पत्रकार विनोद भारद्वाज ने भी अपने उद्बोधन में इस आयोजन की तारीफ की।
    कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में पद्मश्री शांति देवी के साथ आशुतोष शर्मा, संतोष श्रीवास्तव तथा जय त्रिपाठी उपस्थित रहे। स्वागत भाषण सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर संजीव मेहरा ने दिया।
     इस कला प्रदर्शनी को देखने के लिए कला जगत से कई महत्वपूर्ण व्यक्तित्व जैसे कला समीक्षक संदीप कुमार मिश्र, लेखक और कला समीक्षक राकेश गोस्वामी इत्यादि ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कलाकारों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए इस आयोजन की प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *