भारतीय स्टेट बैंक द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) कार्यक्रम का आयोजन
महिला सशक्तिकरण केवल एक लक्ष्य नहीं, बल्कि समाज के समग्र विकास की आधारशिला है: अमृता सिन्हा
देवघर: भारतीय स्टेट बैंक द्वारा वियोरे इन मॉल के कॉन्फ्रेंस हॉल में एक भव्य कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सामाजिक सरोकार एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के रूप में अमृता सिन्हा (पत्नी रवि रंजन, प्रबंध निदेशक (MD) – R, C & SARG, भारतीय स्टेट बैंक) की उपस्थिति रही। उनके मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

मौके पर अपने संबोधन में श्रीमती सिन्हा ने कहा कि “महिला सशक्तिकरण केवल एक लक्ष्य नहीं, बल्कि समाज के समग्र विकास की आधारशिला है। जब महिलाएं शिक्षित, सक्षम और आत्मनिर्भर बनती हैं, तब पूरा समाज प्रगति की ओर अग्रसर होता है। SBI द्वारा इस प्रकार की पहल निश्चित रूप से बेटियों और महिलाओं को आगे बढ़ने की नई दिशा प्रदान करेगी।”
विशिष्ट अतिथि के रूप में पूजा जोशी (धर्मपत्नी मुख्य महाप्रबंधक अनुराग जोशी सह प्रेसिडेंट, SBI लेडीज़ क्लब, पटना) उपस्थित रहीं।
श्रीमती जोशी ने अपने संबोधन में कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने जिला अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम के कई सदस्यों से मुलाकात कर उनके प्रदर्शन की सराहना की। इस दौरान उन्होंने टीम को प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा साथ ही इस CSR पहल की भी प्रशंसा की।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में अरुणांजलि जायसवाल (पत्नी विवेक चंद्र जायसवाल, महाप्रबंधक, नेटवर्क, झारखंड), एस. संध्या (पत्नी सत्यनारायण राव, उप महाप्रबंधक, देवघर अंचल) एवं नेहा झा (पत्नी प्रशांत कुमार झा, क्षेत्रीय प्रबंधक, देवघर)
ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम के दौरान झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन अंडर-23 चैम्पियनशिप की विजेता देवघर महिला अंडर-23 टीम को सम्मानित किया गया। टीम की कप्तान अंजलि हेम्ब्रम एवं उप-कप्तान सरिता सोरेन सहित सभी खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई।
इस अवसर पर राजकीय कन्या मध्य विद्यालय, देवघर के लिए CSR के अंतर्गत महत्वपूर्ण पहल की गई, जिसमें शौचालयों का नवीनीकरण, एलईडी लाइट एवं वॉटर प्यूरीफायर की व्यवस्था तथा खिलाड़ियों के लिए क्रिकेट किट उपलब्ध कराने की घोषणा शामिल रही।
उपस्थित सभी अतिथियों एवं बैंक अधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ समाज के समग्र विकास एवं युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
अंत में, सभी प्रतिभागियों एवं खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।

