SBI ने रेलवे के दिवंगत कर्मचारी (SBI खाताधारक) के परिजन को एक करोड़ रुपये की आकस्मिक बीमा राशि दी
देवघर: भारतीय स्टेट बैंक के प्रबंध निदेशक रवि रंजन एवं मुख्य महाप्रबंधक (CGM) अनुराग जोशी के देवघर आगमन के अवसर पर एक महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील पहल के तहत भारतीय रेल के वेतन पैकेज खाताधारक एक दिवंगत कर्मचारी के परिजनों को 1 करोड़ रुपये की आकस्मिक बीमा राशि का चेक प्रदान किया गया।

यह कार्यक्रम भारतीय स्टेट बैंक और देवघर क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण रहा, जहां एमडी एवं CGM स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों की संयुक्त उपस्थिति में इस सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़ी पहल को साकार किया गया। चेक प्रदान करने की प्रक्रिया एमडी रवि रंजन के द्वारा, तथा CGM अनुराग जोशी की विशिष्ट उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
इस अवसर पर बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारी महाप्रबंधक विवेक चंद्र जायसवाल, उप महाप्रबंधक सत्यनारायण राव तथा क्षेत्रीय प्रबंधक प्रशांत कुमार झा की भी विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने देवघर रीजन की सक्रियता एवं संवेदनशीलता को प्रदर्शित किया।
ज्ञात हो कि यह बीमा दावा भारतीय स्टेट बैंक एवं भारतीय रेल के बीच हुए एमओयू (MOU) के अंतर्गत देय था, जिसके तहत रेलवे कर्मचारियों को 1 करोड़ रुपये तक का आकस्मिक बीमा कवर प्रदान किया जाता है। इस योजना का क्रियान्वयन ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के माध्यम से किया जाता है।
दिवंगत कर्मचारी, जो ट्रैक मेंटेनर के पद पर कार्यरत थे, की ड्यूटी के दौरान एक वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से दुखद मृत्यु हो गई थी। बैंक द्वारा सभी आवश्यक प्रक्रियाएं त्वरित रूप से पूर्ण करते हुए पारदर्शिता के साथ बीमा दावा का निपटान किया गया। मृतक के द्वारा नामांकित (Nominee) को यह चेक प्रदान किया गया।
इस अवसर पर एमडी रवि रंजन ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय स्टेट बैंक अपने ग्राहकों एवं उनके परिवारों के साथ हर परिस्थिति में मजबूती से खड़ा है। इस प्रकार की बीमा योजनाएं संकट की घड़ी में परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। देवघर जैसे क्षेत्रों में इस तरह की पहल बैंक की प्रतिबद्धता को और मजबूत बनाती है।
वहीं CGM अनुराग जोशी ने भी कहा कि
देवघर रीजन में ग्राहकों के प्रति संवेदनशीलता एवं त्वरित सेवा हमारी प्राथमिकता है। इस प्रकार के प्रयास बैंक और समाज के बीच विश्वास को और सुदृढ़ करते हैं।
यह कार्यक्रम न केवल एक सहायता प्रदान करने का माध्यम बना, बल्कि देवघर रीजन में SBI की संवेदनशीलता, प्रतिबद्धता एवं सेवा भावना का सशक्त उदाहरण भी प्रस्तुत करता है।

