देवघर में NIA और ATS की संयुक्त छापेमारी, दो संदिग्ध हिरासत में
झारखंड के देवघर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और झारखंड ATS की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। यह कार्रवाई अवैध हथियार तस्करी से जुड़े इनपुट के आधार पर की गई।

जानकारी के अनुसार, केंद्रीय एजेंसियों ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से शहर के दो अलग-अलग इलाकों में दबिश दी। पहली छापेमारी नंदन पहाड़ के पास नंदी नगर मोहल्ले में की गई, जहां से एक युवक को हिरासत में लिया गया। बताया जा रहा है कि वह युवक अपने मामा के घर पर ठहरा हुआ था। इसके बाद दूसरी कार्रवाई भुरभुरा मोड़ के पास की गई, जहां से एक अन्य संदिग्ध को पकड़ा गया।
दोनों युवकों को हिरासत में लेकर नगर थाना लाया गया है, जहां NIA और ATS के अधिकारी उनसे गहन पूछताछ कर रहे हैं। एजेंसियां उनके संपर्कों, गतिविधियों और संभावित नेटवर्क की जांच में जुटी हुई हैं।
सूत्रों के मुताबिक, नंदी नगर से पकड़ा गया युवक बिहार के आरा जिले का निवासी है। उसके पिता देवघर के एक निजी स्कूल में वाहन चालक के रूप में कार्यरत हैं, जबकि परिवार वर्तमान में कुंडा थाना क्षेत्र में रह रहा है।
हालांकि, अब तक की छापेमारी में किसी भी प्रकार के हथियार या आपत्तिजनक सामग्री की बरामदगी नहीं हुई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच एजेंसियों ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
इस कार्रवाई के बाद पूरे देवघर में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोग घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं, वहीं सुरक्षा एजेंसियां मामले की हर कड़ी को खंगालने में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

