देवघर (शहर परिक्रमा)

संदीपनी पब्लिक स्कूल में बच्चों ने मनाया ‘ग्रीन कलर डे’, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

देवघर: झोंसागढ़ी स्थित दुःखी साह रोड पर अवस्थित दुखी साह मेमोरियल संदीपनी पब्लिक स्कूल में चल रहे हरित सप्ताह (ग्रीन वीक) के अंतर्गत प्री-प्राइमरी कक्षाओं के बच्चों ने बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ “ग्रीन कलर डे” मनाया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना और उन्हें प्रकृति के महत्व से जोड़ना था।

इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चे विभिन्न आकर्षक और थीम आधारित वेशभूषा में नजर आए। कोई बच्चा पेड़-पौधों के रूप में सजा था, तो कोई पृथ्वी, पानी की बूंद, घास और बादल के रूप में अपनी प्रस्तुति दे रहा था। बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों के जरिए यह संदेश दिया कि पेड़-पौधे हमारे जीवन के आधार हैं और हमें उनकी रक्षा करनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा एक लघु नाटक (स्किट) भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें जंगलों के महत्व को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। नाटक के माध्यम से बताया गया कि वृक्षारोपण से पर्यावरण संतुलन बना रहता है, जबकि अंधाधुंध पेड़ों की कटाई से गंभीर दुष्प्रभाव उत्पन्न होते हैं।
      मौके पर विद्यालय की प्राचार्या ने कहा कि इस आयोजन के जरिए बच्चों को यह महत्वपूर्ण सीख दी गई कि पृथ्वी को हरा-भरा बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम की सफलता में अभिभावकों का सराहनीय सहयोग रहा। साथ ही विद्यालय के सभी शिक्षकों और सहायकों की भूमिका भी अत्यंत प्रशंसनीय रही जहाँ शिक्षिकाओं ने बच्चों को पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *