कांग्रेस नेता का निधन, नेताओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
देवघर जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला उपाध्यक्ष केदार गुप्ता जी (91 वर्ष) का दिनांक 25.04.26 को अहले सुबह निधन हो गया। उनके निधन की खबर से देवघर जिला कांग्रेस परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। जिले के कांग्रेस नेताओं ने इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की।

उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन हेतु कई कांग्रेस नेता मोहनपुर प्रखंड अंतर्गत चकरमा गांव स्थित उनके आवास पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र दास, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष डॉ. मुन्नम संजय, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रो. उदय प्रकाश, जिला महासचिव-सह-प्रवक्ता दिनेश कुमार मंडल, दिनेशानंद झा, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष पंजाबी राउत, वर्तमान प्रखंड अध्यक्ष हेमंत चौधरी सहित अनेक नेताओं ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा पार्टी का झंडा समर्पित किया। सभी नेता शव यात्रा में भी शामिल हुए।
देवघर कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेंद्र दास ने कहा कि हमें उनके सानिध्य में कार्य करने का अवसर मिला था। वे एक महान, लोकप्रिय एवं समर्पित नेता थे। आज देवघर जिला कांग्रेस परिवार की ओर से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ।
जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष डॉ. मुन्नम संजय ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि केदार बाबू कांग्रेस के कद्दावर, सच्चे एवं निष्ठावान नेता थे। उनका निधन देवघर जिला कांग्रेस के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उनकी पुण्य आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल दें।
इंटक प्रदेश सचिव अजय कुमार, महिला जिलाध्यक्ष प्रमिला देवी, अनंत मिश्रा, गंगाधर रजक, नारायण यादव, अजय कांत ठाकुर, संतोष यादव, हीरामन सिंह, राहुल सहित दर्जनों लोगों ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

