जल संकट पर नगर निगम सख्त, हैंडपंप मरम्मत व टैंकर सप्लाई को लेकर बनी रणनीति
देवघर: भीषण गर्मी की शुरुआत के साथ शहर में गहराते जल संकट को देखते हुए देवघर नगर निगम के सभागार में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। नगर आयुक्त की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाने, खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत और टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।

बैठक में नगर निगम के अधिकारियों और संबंधित विभाग के अभियंताओं को कई अहम निर्देश दिए गए। निगम क्षेत्र के सभी 36 वार्डों में खराब पड़े हैंडपंपों की पहचान कर ली गई है। इन्हें दुरुस्त करने के लिए विशेष मोबाइल टीम का गठन किया गया है, जिसे निर्देश दिया गया है कि अगले तीन दिनों के भीतर प्रमुख चौक-चौराहों और बस्तियों के चापाकलों को चालू किया जाए।
जल संकट वाले क्षेत्रों, विशेषकर ऊंचाई वाले इलाकों के लिए टैंकर सप्लाई का नया रोस्टर जारी किया गया है। नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि पानी वितरण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी टैंकरों को पूरी क्षमता के साथ कार्य करना होगा।
इसके साथ ही जल निगम को शहर की मुख्य पाइपलाइनों और राइजिंग मेन में होने वाले लीकेज को 24 घंटे के भीतर ठीक करने का निर्देश दिया गया है, ताकि पानी अंतिम छोर तक पहुंच सके।
बैठक को संबोधित करते हुए नगर आयुक्त ने कहा कि गर्मी के दौरान शहरवासियों को पेयजल की किल्लत न हो, यह नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि पानी की बर्बादी न करें और जल संरक्षण पर विशेष ध्यान दें।
नगर निगम द्वारा आम जनता के लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है, जिसके माध्यम से लोग पानी की समस्या या टैंकर की आवश्यकता होने पर सीधे संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में सहायक नगर आयुक्त, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता तथा जल शाखा के कर्मचारी आदि उपस्थित थे।

