विश्व मलेरिया दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, अंतर्विभागीय बैठक व सम्मान समारोह आयोजित
देवघर: विश्व मलेरिया दिवस (25 अप्रैल 2026) के अवसर पर जिला भीबीडी कार्यालय, देवघर द्वारा सदर अस्पताल सभागार में अंतर्विभागीय बैठक, उन्मुखीकरण, शपथ ग्रहण एवं प्रशस्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. रमेश कुमार ने की।
इस अवसर पर जिला भीबीडी पदाधिकारी डॉ. अभय कुमार यादव, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. संचयन, जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. के.के. सिंह, उपाधीक्षक डॉ. सुषमा वर्मा, आईएमए के सचिव डॉ. गौरी शंकर सहित नगर विकास, शिक्षा, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, एम्स देवघर, जेएसएलपीएस समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मलेरिया उन्मूलन के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करना और सामूहिक प्रयासों को मजबूत बनाना था। बैठक में मलेरिया नियंत्रण, रोकथाम और प्रभावी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही “Driven to End Malaria: Now We Can. Now We Must.” थीम के तहत सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मियों को मलेरिया उन्मूलन की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में बताया गया कि वर्ष 2010 से 2025 के बीच देवघर जिले में मलेरिया के मामलों में लगभग 87 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। विशेषज्ञों ने बताया कि मलेरिया संक्रमित मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है, जिसके नियंत्रण के लिए जागरूकता, स्रोत नियंत्रण, त्वरित जांच और समय पर उपचार अत्यंत आवश्यक है।
सिविल सर्जन डॉ. रमेश कुमार ने कहा कि “मलेरिया से बचाव ही सबसे बड़ा उपचार है। विभागीय समन्वय और जनसहभागिता से देवघर को जल्द ही मलेरिया मुक्त बनाया जा सकता है।” वहीं, डॉ. अभय कुमार यादव ने कहा कि जागरूकता, रोकथाम और समय पर इलाज ही इस रोग से मुक्ति का प्रभावी उपाय है।
इस अवसर पर मलेरिया नियंत्रण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 18 अधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में यह संदेश दिया गया कि मलेरिया उन्मूलन के लिए हर नागरिक और हर विभाग का सहयोग आवश्यक है।

