देवघर (शहर परिक्रमा)

एटीएस और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, अवैध हथियारों के साथ तीन गिरफ्तार

देवघर: आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) और देवघर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार तस्करी और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से अवैध आग्नेयास्त्र और कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, देवघर नगर थाना कांड संख्या 470/26 (दिनांक 24 अप्रैल 2026) के तहत मामला दर्ज किया गया। यह कार्रवाई एटीएस झारखंड, रांची से जुड़े अधिकारी अभिनंदन कुमार के आवेदन के आधार पर की गई। जांच में सामने आया कि अजित कुमार पांडेय अपने सहयोगियों के साथ मिलकर अवैध हथियारों की तस्करी करता था और गंभीर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने में शामिल था।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पैसों के लिए हत्या जैसे अपराध करने से भी पीछे नहीं हटते थे। इसके बाद एटीएस और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर मुख्य आरोपी अजित कुमार पांडेय और उसके सहयोगी पंकज कुमार सिंह तथा सोनू कुमार सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं एक अन्य सहयोगी परवेज (निवासी मुंगेर, बिहार) की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी तलाश जारी है।


बरामदगी में शामिल हैं:
👉एक देशी पिस्टल (जिस पर “Made in USA 99” अंकित)
👉7.65 एमएम के 7 जिंदा कारतूस
👉कई मोबाइल फोन


गिरफ्तार आरोपी:
1) अजित पांडेय उर्फ अजित कुमार मिश्रा (देवघर निवासी)
2) पंकज कुमार सिंह (देवघर निवासी)
3) सोनू कुमार सिंह (जमुई, बिहार निवासी)

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी अजित पांडेय का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पहले भी कई मामलों में संलिप्त रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *