भाजपा की बैठक में 9 मई को प्रदर्शन की रणनीति तैयार
देवघर: झारखंड सरकार की नीतियों, बढ़ते भ्रष्टाचार तथा बिजली-पानी की समस्याओं के विरोध में आगामी 9 मई को प्रस्तावित एक दिवसीय प्रदर्शन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देवघर जिला इकाई ने जिला कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सचिन रवानी ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री अभय आनंद झा ने किया।

बैठक में पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों के साथ विस्तृत चर्चा करते हुए प्रदर्शन को सफल बनाने की रणनीति तय की गई। इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएं।
जिला अध्यक्ष सचिन रवानी ने कहा कि वर्तमान समय में झारखंड की आम जनता खुद को असहाय महसूस कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की सरकार अपने दायित्वों से विमुख हो चुकी है, जिसके कारण जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में भाजपा ही जनता की उम्मीद बनकर सामने आई है और पार्टी इन मुद्दों को लेकर दृढ़ संकल्पित है।
उन्होंने आगे कहा कि जब-जब झारखंड की झामुमो सरकार अपने कर्तव्यों से पीछे हटेगी, तब-तब भाजपा ऐसे आंदोलनों के माध्यम से सरकार को जवाबदेह बनाने का काम करेगी।
बैठक में जिला महामंत्री सुनीता सिंह, जिला उपाध्यक्ष मुकेश पाठक, पंकज भदौरिया, विजया सिंह, जिला मंत्री विश्वनाथ रमानी, सचिन सुलतानिया सहित कई पदाधिकारी एवं मंडल अध्यक्ष उपस्थित थे। इनमें अमरजीत दूबे, सुनील यादव, सोना धारी झा, रवि रवानी, मोहन कुमार, निरंजन देव, सुमित रवानी, शांति देवी, सुनील कुमार, संतोष कुमार सिंह, दिगंबर पांडेय, हरि ओम शरण, अनूप भैया, गंगाधर मंडल, काशी कुमार मंडल समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे। सभी ने एकजुट होकर 9 मई के प्रदर्शन को सफल बनाने का संकल्प लिया।

