देवघर (शहर परिक्रमा)

भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न: विभिन्न राज्यों के चुनाव परिणामों पर बांटी मिठाई

देवघर: बलसरा में भाजपा नेता तुफान महथा के नेतृत्व में विभिन्न राज्यों के चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर बधाई दी। तुफान महथा ने इन परिणामों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की जीत बताया, साथ ही इसे विकास की राजनीति की विजय करार दिया।

   मौके पर तूफान महथा ने कहा कि असम, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में पार्टी की बढ़ती मजबूती दर्शाती है कि जनता विकास और सुशासन की राजनीति को प्राथमिकता दे रही है। भाजपा देशभर में अपनी पकड़ लगातार मजबूत कर रही है, और यह जश्न इसी का प्रतीक है।
    जिला महामंत्री अभय आनंद झा ने कहा कि यह उत्साह केवल चुनावी जीत का नहीं, बल्कि देश की जनता द्वारा पार्टी और उसके नेतृत्व में जताए गए विश्वास का भी प्रतीक है। उन्होंने दावा किया कि वर्षों से विकास से वंचित रहे क्षेत्रों में अब तेजी से कार्य होंगे और जनता को मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने “डबल इंजन की सरकार” का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य के समन्वय से विकास कार्यों को गति मिलेगी।
     झा ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में हुए कार्यों का प्रभाव जनता के बीच स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उन्होंने विपक्ष पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया, जबकि भाजपा विकास और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देती है।
      वहीं भाजपा नेता अमृत मिश्रा ने कहा कि पश्चिम बंगाल  लंबे समय से विकास की दौड़ में पीछे था  अब वहां नई दिशा में काम होगा और जनता को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। जहां विकास होता है, वहां समृद्धि स्वतः आती है।
    इस जश्न के दौरान दीपक केशरी, पंकज झा, कुंदन झा, अभय आनंद झा, तुफान महथा, अमृत मिश्रा, नितेश कुमार, दीपेश कुमार उन्नाव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *