डीएवी भंडारकोला में विश्वगुरु रविन्द्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती मनाई गई
देवघर: गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला, देवघर में आज गुरुदेव रबीन्द्रनाथ टैगोर का 165वां जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य मोहम्मद मुस्तफा मजीद, शिक्षक पार्थ गुहा, अभिषेक सूर्य ,शिक्षिका नीलम चौधरी एवं विद्यार्थियों द्वारा पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में एक सभा का आयोजन भी किया गया, जिसमें गुरुदेव रबीन्द्रनाथ टैगोर के साहित्य, शिक्षा एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला गया।

विद्यालय के प्राचार्य मोहम्मद मुस्तफा मजीद जी ने अपने संबोधन में कहा कि गुरुदेव रबीन्द्रनाथ टैगोर केवल एक दूरदर्शी कवि ही नहीं, बल्कि दार्शनिक, शिक्षाविद् , मानवतावादी विचारक और नोबेल पुरस्कार विजेता भी थे, जिनके शब्द आज भी हृदय और मस्तिष्क को आलोकित करते हैं।उनके विचार आज भी विद्यार्थियों को सृजनशीलता, नैतिकता एवं राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा देते हैं।
उनके विचार हमें ज्ञान प्राप्त करने,रचनात्मकता को संजोने और एक बेहतर दुनिया के निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को उनके आदर्शों का अनुसरण करने को कहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गुरुदेव की रचनाओं का पाठ किया तथा उनके जीवन से जुड़ी प्रेरणादायक घटनाओं को साझा किया।
अंत में सभी ने राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया। उक्त आशय की जानकारी मीडिया प्रभारी अभिषेक सूर्य ने दी।

