देवघर (शहर परिक्रमा)

देवघर में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य, आईओसीएल ने दिया ससमय आपूर्ति का भरोसा

देवघर: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम, रिलायंस, नायरा एनर्जी एवं जिले के सभी पेट्रोल पंप प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता, निर्बाध आपूर्ति और खपत की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करना था।

 आपूर्ति व्यवस्था सुचारू, अफवाहों पर ध्यान न दें

     समीक्षा के दौरान आईओसीएल के अधिकारियों ने उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह को आश्वस्त किया कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति निर्धारित समय पर की जा रही है। जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है और स्टॉक पूरी तरह पर्याप्त है। उपायुक्त ने सभी कंपनियों को निर्देश दिया कि आपूर्ति श्रृंखला में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए।

कालाबाजारी के खिलाफ सख्त रुख….
   ईंधन की जमाखोरी और अवैध बिक्री को रोकने के लिए उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने अनुमंडल पदाधिकारी देवघर और अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर को विशेष निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों की कड़ी निगरानी करें। पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी या ऊंचे दामों पर बिक्री करने वाले तत्वों के खिलाफ जांच कर तत्काल प्राथमिकी दर्ज करें और सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें। आगे उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें। यदि किसी पेट्रोल पंप पर घटतौली, ईंधन देने से मना करने, कृत्रिम किल्लत पैदा करने या किसी भी प्रकार की अव्यवस्था दिखाई देती है, तो नागरिक तुरंत आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल कर इसकी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन त्वरित कार्रवाई करेगा।
     इस दौरान उपरोक्त के अलावा अनुमंडल पदाधिकारी देवघर, अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर, जिला परिवहन पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *