देवघर (शहर परिक्रमा)

पुलिस की मासिक अपराध गोष्ठी में अड्डेबाजी, चोरी की रोकथाम, मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई इत्यादि पर जोर

देवघर: दिनांक 16.05.2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। उक्त अपराध गोष्ठी में जिले के सभी थाना प्रभारी, सभी अंचल निरीक्षक, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी पुलिस उपाधीक्षक, परिचारी प्रवर तथा विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

   अपराध गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले में विधि-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विशेष रूप से अड्डेबाजी की रोकथाम, मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई, चोरी विशेषकर वाहन चोरी की रोकथाम एवं उद्भेदन, डकैती, लापता व्यक्तियों की खोजबीन, एससी/एसटी अधिनियम के लंबित मामलों के निष्पादन, महिला संबंधी अपराधों के त्वरित निष्पादन, पोक्सो एक्ट के मामलों की समीक्षा, डायल-112 सेवा की प्रभावशीलता, कम्युनिटी पुलिसिंग तथा वाहन दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं त्वरित कार्रवाई पर बल दिया गया।
     इसके अतिरिक्त समन तामिला के निष्पादन पर विशेष जोर देते हुए विगत पाँच वर्षों से लंबित पुराने मामलों की समीक्षा की गई तथा उनके शीघ्र निष्पादन हेतु सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
    साइबर अपराधों की रोकथाम एवं त्वरित उद्भेदन हेतु विशेष टीम गठित कर नियमित छापामारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। साथ ही चरित्र सत्यापन एवं पासपोर्ट सत्यापन का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने हेतु भी सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया।
     बैठक के दौरान जिले में ट्रैफिक कंट्रोल एवं यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष बल दिया गया। हेलमेट चेकिंग अभियान एवं ड्रिंक एंड ड्राइव जांच को प्रभावी रूप से संचालित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *