मैहर धाम माँ शारदा शक्तिपीठ के प्रधान पुजारी दाऊ जी सरकार का बाबा बैद्यनाथ धाम में भव्य स्वागत
देवघर: बाबा बैद्यनाथ धाम में मैहर धाम माँ शारदा शक्तिपीठ के प्रधान पुजारी पवन जी महाराज (दाऊ जी सरकार) के आगमन पर श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर आजसू पार्टी देवघर जिला अध्यक्ष आदर्श लक्ष्य ने उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।

बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचने पर श्रद्धालुओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दाऊ जी सरकार का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।
मौके पर संबोधित करते हुए पवन जी महाराज (दाऊ जी सरकार) ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ धाम देश की आस्था, सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने कहा कि देवघर की पावन धरती पर आकर उन्हें अद्भुत शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति हुई। उन्होंने देशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए युवाओं से सनातन धर्म एवं भारतीय संस्कृति की परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
वहीं आजसू पार्टी जिला अध्यक्ष आदर्श लक्ष्य ने कहा कि दाऊ जी सरकार का देवघर आगमन हम सभी के लिए गौरव और सौभाग्य का विषय है। उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से राज्य एवं देश के सभी श्रद्धालुओं के कल्याण, सुख-समृद्धि और उन्नति की प्रार्थना की।
इस अवसर पर कई गणमान्य लोग, श्रद्धालु एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया।

