जनगणना 2027: मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य की समीक्षात्मक बैठक आयोजित
देवघर: नगर आयुक्त सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी, देवघर नगर निगम के निदेशानुसार भारत सरकार द्वारा संचालित जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य के सफल, पारदर्शी एवं समयबद्ध संचालन हेतु देवघर नगर निगम कार्यालय सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता देवघर नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त सह मास्टर ट्रेनर रणजीत सिंह द्वारा की गई।

बैठक में नगर निगम क्षेत्र के कुल 57 पर्यवेक्षकों ने भाग लिया। इस दौरान मकान सूचीकरण कार्य, नजरी नक्शा निर्माण, भवन एवं जनगणना मकान संख्या अंकन, फील्ड सर्वेक्षण, मोबाइल एप आधारित डेटा संकलन, सिंक्रोनाइजेशन प्रक्रिया तथा कार्य निष्पादन के दौरान आने वाली तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
सहायक नगर आयुक्त ने सभी पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया कि भारत सरकार के दिशा-निर्देशों एवं जनगणना अधिनियम, 1948 के प्रावधानों के अनुरूप जनगणना कार्य को पूर्ण गंभीरता, शुद्धता एवं गोपनीयता के साथ संपादित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश की भावी योजनाओं, नीतियों एवं विकास कार्यक्रमों की आधारशिला है। अतः प्रत्येक परिवार, भवन एवं प्रतिष्ठान से संबंधित जानकारी का सही एवं अद्यतन संकलन अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में फील्ड स्तर पर उत्पन्न होने वाली समस्याओं जैसे लॉक्ड भवन, बहुमंजिला इमारतों का अंकन, अस्थायी संरचनाओं का सूचीकरण, संस्थागत भवनों की प्रविष्टि, मोबाइल एप संचालन, डेटा संपादन एवं पुनः सिंक प्रक्रिया आदि विषयों पर विशेष चर्चा की गई तथा उनके समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पर्यवेक्षकों को अपने अधीनस्थ प्रगणकों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, सत्यापन एवं गुणवत्ता नियंत्रण सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।
साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक निर्धारित समय-सारणी के अनुसार प्रतिदिन फील्ड भ्रमण कर कार्य की प्रगति सुनिश्चित करें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा तकनीकी समस्या की सूचना तत्काल जनगणना कोषांग को उपलब्ध कराएं।
बैठक में उपस्थित तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा जनगणना एप, डेटा प्रबंधन, मैपिंग एवं सिंक्रोनाइजेशन से संबंधित तकनीकी बिंदुओं पर भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। जनगणना कोषांग के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी इस अवसर पर उपस्थित रहे।विशेष कर जनगणना निदेशालय, रांची से प्रतिनियुक्त पदाधिकारी श्री हरि प्रसाद चौरसिया भी उपस्थित थे।
अंत में सहायक नगर आयुक्त ने नगर निगम क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान प्राप्त सभी सूचनाएं पूर्णतः गोपनीय रखी जाती हैं एवं उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय एवं शासकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है। नागरिकों के सहयोग से ही जनगणना 2027 को सफल, त्रुटिरहित एवं प्रभावी रूप से संपन्न कराया जा सकेगा।

