देवघर (शहर परिक्रमा)

इनर व्हील क्लब ऑफ देवघर ने निकाली पर्यावरण जागरूकता साइकिल रैली, बच्चों ने दिया हरित भविष्य का संदेश

देवघर: पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से इनर व्हील क्लब ऑफ देवघर द्वारा आयोजित पर्यावरण जागरूकता साइकिल रैली का सफल आयोजन क्लब की अध्यक्ष ज्ञानी मिश्रा के नेतृत्व में किया गया। इस रैली में आरमित्रा स्कूल और सेंट मेरी स्कूल के लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

    इस विशेष अभियान में देवघर ओलंपिक संघ के अध्यक्ष, समाजसेवी सुनील खवाड़े का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। हालांकि स्वास्थ्य कारणों से वे कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उनके आर्थिक सहयोग और बच्चों के प्रति विशेष स्नेह के कारण आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विद्यार्थियों के लिए नाश्ते तथा अटल पार्क में निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था भी उनके सौजन्य से की गई।

    रैली आरमित्रा स्कूल परिसर से प्रारंभ होकर वीर कुंवर सिंह चौक, डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक, सत्संग चौक और सत्संग फ्लाईओवर से गुजरते हुए अटल पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग भर छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण बचाने, अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
      अटल पार्क पहुंचने के बाद बच्चों ने वाटर पार्क का भरपूर आनंद उठाया। खेल, मनोरंजन और सामूहिक गतिविधियों के बीच बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था। नाश्ते के साथ बच्चों ने फ्रूटी का भी आनंद लिया। कई बच्चों ने इस आयोजन को अपने लिए एक यादगार समर कैंप जैसा अनुभव बताया।
     कार्यक्रम में आरमित्रा विद्यालय के वरीय शिक्षक अरविंद जजवाड़े, अध्यक्ष नितेश जी एवं विद्यालय के वरिष्ठ छात्रगण उपस्थित रहे। वहीं सेंट मेरी स्कूल की प्रधानाध्यापिका क्रिस्टीना मैडम के सौजन्य से शिक्षकगण और छात्राओं की भी सक्रिय सहभागिता रही।
       इस अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ देवघर की अध्यक्ष ज्ञानी मिश्रा, सचिव कंचन मूर्ति शाह, पूर्व अध्यक्ष रश्मि रंजन झा, सारिका साह, नमिता भगत, मिनी दास, निशा जायसवाल, सुषमा रानी, सीमा मुंद्रा, संगीता झा, अर्चना भगत, सारिता अग्रवाल सहित अन्य सदस्यगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *